गुजरात और पंजाब उपचुनाव में विजय पर गदगद दिखे आप सुप्रीमों
Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली : देश के अलग-अलग राज्यों में चार सीट पर हुए उपचुनाव के गत दिवस परिणाम आ गए। यह परिणाम आम आदमी पार्टी के लिए राहत लेकर आए। क्योंकि पार्टी ने इन चार में से दो सीट पर उपचुनाव लड़े थे और दोनों ही जगह पार्टी को जीत हासिल हुई। पार्टी के इसी प्रदर्शन से पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल गदगद दिखाई दिए और उन्होंने इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई देते हुए उन्हें ही जीत का श्रेय दिया।
आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक बार फिर से राष्ट्रीय राजनीति में वापस आ गए हैं। वहीं अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि देश को भाजपा से मुक्ति केवल आम आदमी पार्टी ही दिला सकती है। उन्होंने बताया कि पंजाब की जनता ने बताया कि आप सरकार के काम से खुश हैं। वहीं गुजरात की जनता बदलाव चाहती है। दोनों जगह भाजपा-कांग्रेस ने मिलकर आप को हराना चाहा, लेकिन जनता ने इन दोनों पार्टियों को ही हरा दिया।
पंजाब से ज्यादा अहम गुजरात की जीत
आम आदमी पार्टी ने इन उपचुनाव में पंजाब और गुजरात में जीत हासिल की है। लेकिन पार्टी के लिए गुजरात की जीत ज्यादा अहम है। कारण स्पष्ट है कि पंजाब में जहां पार्टी सत्ता में है वहीं गुजरात में पार्टी अपना कैडर तैयार कर रही है। आप सुप्रीमों ने लुधियाना पश्चिम से जीते संजीव अरोड़ा और विसावदर से जीते गोपाल इटालिया को बधाई दी। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में आप एक विकल्प के तौर पर उभर रही है।
केजरीवाल ने राज्यसभा जाने से किया इनकार
लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा की जीत हुई। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से पूछा गया कि क्या आप अब राज्यसभा जाएंगे तो उन्होंने स्पष्ट किया कि मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि कौन राज्यसभा जाएगा।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली सीएम ने हजारों उद्योगपतियों को दी बड़ी राहत