
North India Today Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जहां लगातार ठंड बढ़ती जा रही है, वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत क्षेत्र के ज्यादातर मैदानी इलाकों में कोहरा और इसके साथ प्रतिदिन गिरता तापमान आफत बनता जा रहा है। कुछ इलाकों में तापमान में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई है। उत्तरी पाकिस्तान व उससे लगे जम्मू-कश्मीर में ऊपरी हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव है, जिसके असर से हिमाचल और जेएंडके में बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड में शुष्क बना हुआ है मौसम
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है और दिन में चटख धूप निकल रही है। इस सप्ताहांत राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात और निचले इलाकों में में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। नागौर में सबसे कम 3.7 डिग्री व सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.8 दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम पारा 10.7 डिग्री रहा। पश्चिमी राजस्थान के मुकाबले पूर्वी हिस्सों में ठंड ज्यादा ठंड पड़ रही है।
हिमाचल : धर्मशाला दिसंबर के दौरान सबसे अधिक गर्म
हिमाचल का धर्मशाला बुधवार को दिसंबर के दौरान सबसे अधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 2010 में पारा 25.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इस तरह यहां गर्मी ने पिछले 15 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। प्रदेश में वीकेंड में ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। वहीं बिलासपुर के भाखड़ा डैम क्षेत्र व आसपास सुबह-शाम घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर : ठंड से राहत के नहीं कोई आसार
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जोजिला दर्रे में पारा माइनस 16 डिग्री तक पहुंच गया।कश्मीर घाटी में आने वाले कुछ दिन तक ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 31 दिसंबर से पहले उत्तर और मध्य कश्मीर पर्वतीय इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है। वही९ं सप्ताहांत कश्मीर के मैदानों में हल्की बारिश हो सकती है।
यूपी : बुधवार को बरेली सबसे ठंडा स्थान दर्ज
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलावा कई जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई। राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 5-6 डिग्री और कुछ जगह 8-10 डिग्री तक गिर गया है। आईएमडी ने 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे के रेड अलर्ट के साथ ही इन इलाकों में संभावित शीत दिवस की भी वार्निंग दी है। प्रदेश में बुधवार को बरेली सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां दिन का पारा सामान्य से 8.1 डिग्री नीचे गिरकर 13.4 डिग्री रहा।
ये भी पढ़ें : Delhi Pollution Update : दिल्ली में प्रदूषण से जंग, आज से केवल बीएस-6 वाहनों की एंट्री

