अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा था आरोपी
Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी लोगों के खिलाफ दिल्ली पुलिस का धरपकड़ अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने नाइजीरिया के नागरिक को गिरफ्तार किया है जो अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा था। यही नहीं आरोपी विदेश से लाकर नशीले पदार्थ भी दिल्ली के अलग-अलग एरिया में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.80 ग्राम एमडी एम्फटामाइन ड्रग बरामद किया है। पुलिस आरोपी से उसके नेटवर्क व अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि आरोपी दिल्ली में किस-किस एरिया में नशे की सप्लाई करता था और उसके साथ और कौन-कोन है।
दिल्ली के मालवीय नगर में रह रहा था आरोपी
रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करते हुए, रोहिणी जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षक अजय कुमार यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर रही थी। 19 जून को पुलिस को इलाके में एक सप्लायर के आने की जानकारी मिली।
छापेमारी टीम ने विजय विहार स्थित छठ घाट पार्क में घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम ने वहां एक नाइजीरियाई युवक को ग्राहकों का इंतजार करते हुए देखा। पुलिस की मौजूदगी का अहसास होते ही आरोपी वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन हरकत में आई पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 20.80 ग्राम एमडी एम्फेटामाइन ड्रग बरामद हुई। आरोपी की पहचान 31 साल के नाइजीरियाई नागरिक एमेका मार्वलस के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह दिल्ली के मालवीय नगर में रहता है। उसके दस्तावेजों की जांच करने पर पता चला कि आरोपी का वीजा एक साल पहले ही समाप्त हो चुका था। वह दिल्ली में अवैध रूप से रह रहा था।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather Update : दिल्ली में आज तेज बारिश और आंधी की संभावना