US-Iran War Update : अमेरिका को चुकानी पड़ रही युद्ध की भारी कीमत

0
252
US-Iran War Update : अमेरिका को चुकानी पड़ रही युद्ध की भारी कीमत
US-Iran War Update : अमेरिका को चुकानी पड़ रही युद्ध की भारी कीमत

ईरान के खिलाफ घोषित युद्ध पर अमेरिका का 12 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च, अभी भी हार मानने को तैयार नहीं है ईरान

US-Iran War Update (आज समाज), वॉशिंगटन : ईरान के खिलाफ जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से हमले शुरू किए थे तो शायद उस समय अमेरिका को भी यह मालूम नहीं था कि उसे युद्ध की इतनी ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। युद्ध 17वें दिन में प्रवेश कर गया है और ईरान अभी भी अमेरिका को पूरी चुनौती दे रहा है। वह न केवल खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहा है बल्कि इन हमलों में अमेरिका को क्षति भी पहुंचा रहा है।

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रीय आर्थिक परिषद के निदेशक केविन हैसेट ने बताया कि ईरान के साथ चल रहे सैन्य संघर्ष में अब तक अमेरिका लगभग 12 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। उन्होंने यह जानकारी अमेरिकी चैनल सीबीएस न्यूज के एक कार्यक्रम में बातचीत के दौरान दी। हैसेट ने कहा मुझे जो ताजा आंकड़ा बताया गया है, वह करीब 12 अरब डॉलर है।

इससे पहले यह आंकड़े किए थे जारी

हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह खर्च किस समयावधि के दौरान हुआ है। इससे पहले पेंटागन ने अमेरिकी कांग्रेस को बताया था कि युद्ध के पहले सप्ताह में ही करीब 11.3 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस युद्ध के लिए कांग्रेस से अतिरिक्त बजट मांगा जाएगा, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल सरकार के पास पर्याप्त संसाधन हैं। आगे जरूरत पड़ने पर बजट प्रबंधन और बजट कार्यालय इस पर फैसला करेगा।

आईआरजीसी ने किया यह दावा

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने तड़के कई अमेरिकी एयरबेस पर समन्वित मिसाइल और ड्रोन हमले किए। आईआरजीसी के अनुसार इन हमलों में कमांड सेंटर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और एयर डिफेंस सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरानी बलों का यह भी दावा है कि हाल की सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि लक्षित अमेरिकी सैन्य ठिकानों के रणनीतिक रडार और अन्य अहम ढांचे का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया है।

दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हवाई हमल में 5 की मौत

लेबनान की आधिकारिक नेशनल न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट दी है कि दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हवाई हमलों में अब तक 5 लोग मारे गए और 7 अन्य घायल हुए हैं। लेबनान स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन केंद्र ने बताया कि माज्दाल सेल्म शहर पर हुए हमले में दो लोग मारे गए, जबकि ऐतित पर हुए एक अन्य हवाई हमले में तीन और लोग घायल हुए।

  • TAGS
  • [post_tags]