पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का चला दौर, पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से आया मौसम में बदलाव
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते रविवार को समूचे उत्तर भारत में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर चला। मौसम के इस बदलाव से जहां जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे पर्वतों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई वहीं मैदानी भागों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। इसके साथ ही करीब 30-40 किलोमीटर की गति से चली हवाओं ने दोबारा से ठंड का अहसास करवा दिया।
मैदानी राज्यों में भी हुई बारिश, ओलावृष्टि
पश्चिमी विक्षोभ का असर केवल पहाड़ों तक ही सीमित नहीं रहा बल्कि मैदानी रज्यों में भी बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा। पंजाब, हरियाणा, यूपी, दिल्ली एनसीआर में पूरा दिन तेज हवाओं, हल्की बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। मौसम के इस बदलाव से जहां गर्मी से राहत मिली वहीं कई जगहों पर ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान भी हुआ।
मनाली में फंसे हजारों वाहन
हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण साउथ पोर्टल के पास लगभग एक हजार से अधिक वाहन बर्फ में फंस गए हैं। पुलिस की पूरी टीम पिछले तीन घंटों से मौके पर तैनात है और लगातार रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया जा रहा है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि मैं स्वयं भी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हूं और रेस्क्यू आॅपरेशन की निगरानी करते हुए उसे निरंतर संचालित कर रहा हूं।
पुलिस द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि सभी लोगों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकाला जा सके। इसके साथ ही किन्नौर, शिमला, लाहौल-स्पीति, मंडी और चंबा के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। तेज हवाएं चलीं और कई जगह ओलावृष्टि भी हुई। मौसम में आए इस बदलाव से फिर से ठंड बढ़ गई है। वहीं, प्रदेशभर में 21 मार्च तक मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। मौसम केंद्र शिमला ने 19 मार्च को अंधड़ व ओलावृष्टि का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : अमेरिका को चुकानी पड़ रही युद्ध की भारी कीमत


