केंद्र सरकार ने नियुक्ति की मंजूरी दी, जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे
Dhiraj Seth, (आज समाज), नई दिल्ली: उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ अगले आर्मी चीफ होंगे। धीरज सेठ सेठ मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को खत्म होगा। उसी दिन सेठ भारत के 31वें आर्मी चीफ का पद संभालेंगे। केंद्र सरकार ने शनिवार को चीफ आॅफ आर्मी स्टाफ के लिए उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी।
दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन पाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना में लगभग चार दशक का अनुभव है। धीरज सेठ सेना के बैकग्राउंड वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ भारतीय सेना में एडजुटेंट जनरल के पद से 1997 में रिटायर हुए थे। धीरज सेठ खेलों में भी गहरी रुचि रखते हैं। उन्हें टेनिस और गोल्फ खेलना पसंद है। उनकी पत्नी का नाम कोमल सेठ है।
कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं
धीरज सेठ ने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी इलाकों समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। धीरज सेठ दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल आॅफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं। वे उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर दो प्रमुख आॅपरेशनल कमानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने अंगोला में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, सेना मुख्यालय और सेना के क्षमता विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवा दी है।
फ्रांस-अमेरिका में भी पढ़ाई की, यंग आॅफिसर्स कोर्स में सिल्वर सेंचुरियन सम्मान मिला था
धीरज सेठ मे खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी और देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी से पढ़ाई की है। इसके अलावा वे वेलिंगटन के डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, महू के आर्मी वॉर कॉलेज और नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज के भी पूर्व छात्र हैं।
बाद में उन्होंने फ्रांस के कॉलेज इंटरआर्मे डी डिफेंस में जनरल स्टाफ कोर्स और अमेरिका के नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल में इंटरनेशनल डिफेंस एक्विजिशन मैनेजमेंट कोर्स किया। यंग आॅफिसर्स कोर्स में उन्हें सिल्वर सेंचुरियन सम्मान मिला था।
ये भी पढ़ें : IMA Dehradun: पहली बार नौ महिला सैन्य अधिकारी बनीं इंडियन आर्मी का हिस्सा


