लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) होंगे देश के नए सीडीएस, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन संभालेंगे नए नौसेना प्रमुख का कर्तव्य
New CDS and Navy Chief (आज समाज), नई दिल्ली : सैन्य मोर्चे पर देश में दो नई नियुक्तियों की घोषणा सरकार ने की है। इन दो नियुक्तियों में से एक नए सीडीएस की नियुक्ति और दूसरी नए नौसेना अध्यक्ष की नियुक्ति शामिल है। यह दोनों नियुक्तियां ही देश के रक्षा मंत्रालय और सुरक्षा के लिए बहुत अहम है। इस संबंधी जारी निर्देश में सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया है, जबकि वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख बनाया गया है।
इस माह पूरा हो रहा है सीडीएस अनिल चौहान का कार्यकाल
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि 30 मई 2026 को जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल पूरा होने के बाद नए सीडीएस का पद संभालेंगे। इसके साथ ही वह सैन्य मामलों के विभाग यानी डिपार्टमेंट आॅफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। वहीं, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन 31 मई 2026 से नए चीफ आॅफ नेवल स्टाफ (सीएनएस) के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।
वर्तमान में भी महत्वपूर्ण पद पर हैं सुब्रमणि
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि करीब चार दशक लंबे सैन्य अनुभव वाले बेहद सम्मानित अधिकारी रहे हैं। उन्हें पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम और वीएसएम जैसे कई सैन्य सम्मान मिल चुके हैं। वह सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले वह सेना के वाइस चीफ और सेंट्रल कमांड के जीओसी-इन-सी भी रह चुके हैं। उन्होंने पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर कई अहम सैन्य जिम्मेदारियां संभाली हैं।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis Update : ईरान के साथ वार्ता सही दिशा में बढ़ रही : ट्रंप


