श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनों से लौट रहा था परिवार
UP Road Accident (आज समाज), बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह परिवार श्री माता वैष्णों देवी दर्शनों के लिए गया था और दर्शन करने के बाद अपने गांव लौट रहा था। जिस समय परिवार हादसे का शिकार हुआ उस समय वे पांचों एक बाइक पर सवार थे और अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस से मिली सूचना के अनुसार यह हादसा नेशनल हाईवे 34 पर हुआ। जब उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक अंसतुलित हो गई और परिवार हादसे का शिकार हो गया।
पति-पत्नी और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत
एक ही बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई। ये सभी लोग एक ही बाइक पर सवार थे और खुर्जा से अपने गांव धमेड़ा कीरत लौट रहे थे। बाइक पर परिवार के पांच सदस्यों के अलावा बैग भी थे। इनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार में अब एक दो साल का मासूम बचा है।
वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार अगौता थाना क्षेत्र के गांव धमेड़ा कीरत निवासी ठाकुर उत्तम सिंह (40 वर्ष) उनकी पत्नी उर्मिला (36 वर्ष) बेटे निशांत (10 वर्ष), बेटी दिशा (8 वर्ष) के साथ मंगलवार को वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए थे। वे अपनी पांच वर्षीय बेटी नायरा को जाते समय वह खुर्जा में साली के घर पर छोड़ गए थे। जाते समय उन्होंने अपनी बाइक साली के घर पर ही छोड़ दी थी। शुक्रवार को परिवार दर्शन करके ट्रेन से खुर्जा लौटा था।
बाइक पर सामान भी टंगा था
खुर्जा स्टेशन से उत्तम परिवार के साथ अपनी साली के घर पहुंचे। यहां से उन्होंने बाइक ली और पांच वर्षीय बेटी को भी साथ लिया। दंपती ने बाइक पर दोनों बच्चों को बीच में बैठा लिया। छोटी बेटी नायरा को आगे टंकी पर बैठाया। दंपती, बच्चों के अलावा बाइक पर दोनों ओर भारी बैग बंधे हुए थे। एक बैग बाइक के हैंडल पर रखा था। जब परिवार नेशनल हाईवे-34 पर खेतलपुर भांसौली कट के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होने से दंपती और तीनों बच्चे सड़क पर जा गिरे। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis Update : ईरान के साथ वार्ता सही दिशा में बढ़ रही : ट्रंप


