
MP Kartikeya Sharma, (आज समाज), पंचकूला : रविवार को सांसद कार्तिकेय शर्मा मार्केट कमेटी बरवाला के नवनिर्वाचित चेयरमैन देसराज पोसवाल के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने नवनिर्वाचित चेयरमैन देसराज पोसवाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मार्केट कमेटी जैसी संस्थाएं केवल प्रशासनिक इकाई नहीं होतीं, बल्कि यह किसानों और व्यापारियों के विश्वास का केंद्र होती हैं।
मंडी व्यवस्था जितनी पारदर्शी-सशक्त होगी, उतना ही किसान आत्मनिर्भर बनेगा
उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था जितनी पारदर्शी, सशक्त और संवेदनशील होगी, उतना ही किसान आत्मनिर्भर बनेगा। अपने संबोधन में सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि किसान का सम्मान केवल शब्दों से नहीं होता, बल्कि नीतियों, फैसलों और ज़मीनी काम से तय होता है। आज देश की सरकार की प्राथमिकता है कि किसान को उसकी मेहनत का पूरा मूल्य मिले और वह खुद को व्यवस्था का भागीदार महसूस करे।”

किसान को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की धुरी माना गया
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की धुरी माना गया है। मंडियों का आधुनिकीकरण, फसल की बेहतर कीमत और सुविधाजनक व्यवस्था इसी सोच का परिणाम है। कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में कृषि और किसान से जुड़ी व्यवस्थाओं को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। मंडियों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, पारदर्शी खरीद व्यवस्था और किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
सरकार और प्रशासन के स्तर पर हस्तक्षेप कर समाधान सुनिश्चित करेंगे
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने यह भी कहा कि किसानों और स्थानीय व्यापारियों से जुड़े विषयों पर वे लगातार संवाद में रहेंगे और जहां भी आवश्यकता होगी, सरकार और प्रशासन के स्तर पर हस्तक्षेप कर समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित चेयरमैन देसराज पोसवाल के नेतृत्व में मार्केट कमेटी किसानों के हितों की रक्षा करते हुए नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।

अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी
इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक दायित्वों पर भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर नियुक्त किए गए नितिन नबीन को हार्दिक बधाई दी तथा कहा कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर पंकज चौधरी को भी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

