मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल
Delhi Weather Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : पिछले कई दिन के इंतजार के बाद आज राजधानी दिल्ली में मानसून की एंट्री हो सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार पिछले तीन दिन से ही मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनीं हुई हैं आज मानसून के दिल्ली में दाखिल होने की पूरी संभावना है। दिल्ली में मानसून की परिस्थितियां अनुकूल है लेकिन अभी तक प्री मानसून गतिविधियां शुरू न होने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच साबित नहीं हो रही
बता दें की मौसम विभाग पिछले कई दिन से दिल्ली-एनसीआर में बारिश के लिए अलर्ट जारी कर रहा है लेकिन अलर्ट के बावजूद दिल्ली में अच्छी बारिश अभी तक नहीं हुई जिसका परिणाम यह निकल रहा है कि बादल कुछ ही इलाकों में हल्के से बरस कर हवा में उड़ रहे हैं। वहीं तीन दिन से उमस वाली गर्मी ने परेशान कर दिया है। दिल्ली में मंगलवार सुबह से ही बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। कुछ इलाकों में मामूली बारिश हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 36.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
आज मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना
आज राजधानी दिल्ली में बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो आज दिल्ली में मानसून की एंट्री के साथ ही तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून की एंट्री 27 से 30 जून के बीच होती है। इस बार विभाग ने संकेत दिए थे कि मानसून की एंट्री समय से पहले हो सकती है।इस कारण तापमान 33-35 डिग्री के बीच बना रहेगा। एक से दो दिन में मानसून तेजी से सक्रिय हो जाएगा।