रायपुर रानी से मोरनी जाने वाली मेन रोड बंद
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की व मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। पंचकूला में बुधवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण मोरनी हिल्स में बुधवार सुबह लैंडस्लाइड हो गया। जिससे रायपुर रानी से मोरनी की ओर जाने वाली मेन रोड बंद हो गई।
कोटी नदी का जलस्तर बढ़ा
बारिश के कारण मोरनी हिल्स से गुजरती कोटी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। इसमें हिमाचल में हो रही बारिश का पानी आ रहा है। वहीं, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर मंडी के पंडोह के साथ दवाड़ा में बीती रात को लैंडस्लाइड हो गया। पहाड़ी से सड़क पर बड़ी-बड़ी चट्टानें आ गई। इसके बाद सड़क पूरी तरह से बंद है और सैकड़ों वाहन रात से ही जाम में फंसे हुए हैं। वहीं आज के बाद मानसून टर्फ रेखा हरियाणा से हटकर बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे मानसूनी गतिविधियों में कमी आएगी।
खतरे के निशान के करीब पहुंच घग्गर नदी का जलस्तर, हथिनीकुंड बैराज पर 73749 क्यूसेक पानी किया गया रिकॉर्ड

वहीं हिमाचल में हो रही बारिश के बाद घग्गर नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी से दूर रहने का अलर्ट जारी करते हुए फ्लड कंट्रोल रूम का नंबर- 0172 2562135 भी जारी कर दिया है। यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर भी बुधवार की सुबह 6 बजे इस मानसून सीजन का सबसे ज्यादा 73749 क्यूसेक पानी रिकॉर्ड किया गया। सिंचाई विभाग के मुताबिक 1 लाख क्यूसेक पानी दर्ज होने पर मिनी फ्लड घोषित किया जाता है। जिसके बाद पूर्वी और पश्चिमी नहर को बंद कर पूरा पानी दिल्ली की तरफ डायवर्ट किया जाता है।
यमुनानगर में सबसे अधिक और कैथल में सबसे कम बारिश हुई
अब तक इस मानसून सीजन में यमुनानगर जिले में सबसे अधिक और कैथल में सबसे कम बारिश हुई है। आईएमडी के मुताबिक हरियाणा में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 5 अगस्त तक औसतन 233 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। लेकिन प्रदेश में 281 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा के पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल की पोती दामिनी की थाईलैंड में हुई शादी
ये भी पढ़ें : हरियाणा में बनेंगी 6 आईएमटी