
Meer Yar Baloch Writes Letter To S Jaishankar, (आज समाज), बलूचिस्तान/नई दिल्ली: बलूचिस्तान ने एक बार फिर खुलेआम भारत का समर्थन किया है। बलूचिस्तान (Balochistan) के नेता मीर यार बलूच (Meer Yar Baloch) ने कहा है कि चीन और पाकिस्तान के बीच चल रही साझेदारी आने वाले समय में भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है, इसलिए अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को खत्म कर देना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो भारत के लिए चीन व पाकिस्तान का एक साथ होना खतरनाक साबित हो सकता है।
मीर यार बलूच ने एस जयशंकर को लिखा है पत्र

बलूचिस्तान के नेता मीर यार बलूच ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर उक्त खतरे से अवगत करवाया। उन्होंने अपने लेटर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया है। मीर यार बलूच ने कहा है कि पाकिस्तान को उखाड़ फेंको और इस जंग में हम भारत के साथ हैं। उन्होंने अपने पत्र में चीन व पाकिस्तान की भविष्य की योजना का भी खुलासा किया है। मीर यार बलूच ने दावा किया है कि आने वाले समय में चीन पाकिस्तान में अपनी सेना की तैनाती भी कर सकता है।
79 वर्ष से आतंकवाद व मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन : मीर यार
मीर यार बलूच ने यह भी लिखा है कि बलूचिस्तान निवासी बीते 79 वर्ष से आतंकवाद के साथ मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन का सामना कर रहे हैं। इसलिए अब टाइम आ गया है कि पाकिस्तान का अस्तित्व खत्म करके इस गंभीर समस्या से छुटकारा पाया जाए। ऐसा होने से बलूचिस्तान के लोगों के लिए स्थायी शांति व संप्रभुता सुनिश्चित हो सकेगी।
बीजिंग व इस्लामाबाद का बढ़ता रणनीतिक गठबंधन खतरनाक
बलूच नेता मीर यार ने पत्र में यह भी लिखा है कि बलूचिस्तान गणराज्य बीजिंग व इस्लामाबाद के बीच बढ़ते रणनीतिक गठबंधन को सबसे ज्यादा खतरनाक मानता है। उन्होंने कहा, हम चेतावनी देते हैं कि चीन द्वारा पाकिस्तान की मदद से चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (सीपीईसी) को उसके अंतिम चरण में पहुंचा दिया गया है। उन्होंने दावा किया है कि जब तक बलूच प्रतिरोध व यहां के लोगों की रक्षा बलों को मजबूत नहीं किया जाता है और बलूच निवासियों को गंभीरता से नहीं लिया जाता है तब तक आने वाले समय में इस क्षेत्र में बहुत जल्द चीन की सेना देखने को मिल सकती है।
सीपीईसी का लगातार विरोध करता है भारत
बता दें कि चीन व पाकिस्तान सीपीईसी के तहत सैन्य विस्तार के सभी आरोपों को हमेशा खारिज करते हैं। दोनों देशों का कहना है कि उनके इस प्रोजेक्ट का मकसद आर्थिक प्रकृति है। हालांकि भारत हमेशा चीन की परियोजना सीपीईसी का विरोध करता है। भारत का मानना है कि यह जगह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से होकर गुजरती है, जो सुरक्षा के लिहाज से चिंताएं पैदा करती है।
ये भी पढ़ें: Balochistan Blasts: 24 घंटे में सात धमाकों से दहशत का माहौल, रेल की पटरी टूटी, रेल सेवा निलंबित

