Jind Civil Hospital : सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे नौ से 11 दो घंटे की हड़ताल पर

0
59
Jind Civil Hospital : सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे नौ से 11 दो घंटे की हड़ताल पर
नागरिक अस्पताल में ओपीडी स्लिप के लिए लगी लंबी लाइन।
  • नागरिक अस्पतालों में दो घंटे के लिए उपचार को लेकर लोगों को रहेगा इमरजेंसी का सहारा
  • जनसेवा को देखते हुए इमरजैंसी, डिलीवरी तथा पोस्टमार्टम सेवाएं रखी जाएंगी बहाल

Jind News ,आज समाज ,जींद। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के आह्वान पर सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक वीरवार को सुबह नौ बजे से 11 बजे तक दो घंटे की हडताल पर रहेंगे। स्वास्थ्यकर्मी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) की सीधी भर्ती के निर्णय को लेकर विरोध जता रहे हैं। चिकित्सकों की दो घंटे हडताल पर रहने के चलते आमजन को परेशानी उठानी पड़ेगी।

एचसीएमएस एसोसिएशन के प्रधान डा. बिजेंद्र ढांडा, डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में एसएमओ की सीधी भर्ती की जा रही है। अगर ऐसा होता है तो वर्तमान में कार्यरत चिकित्सकों की पदोन्नति रुक जाएगी। जिससे उनका मनोबल गिरना स्वाभाविक है। इस फैसले के विरोध में सभी चिकित्सकों ने गुरूवार को दो घंटे के लिए काम न करते हुए अपना विरोध जताएंगे।

ठोस कदम उठाने को मजबूर

हालांकि इस मामले में पहले ही सीएमओ को ज्ञापन सौंप दिया गया है। यदि मुख्यालय ने एसएमओ की सीधी भर्ती प्रक्रिया पर रोक नही लगाई तो वो ठोस कदम उठाने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेवारी स्वास्थ्य विभाग की होगी। डॉ. बिजेंद्र ढांडा ने कहा कि विभाग ने पहले भी इस तरह का निर्णय लिया था लेकिन विरोध के बाद फैसला वापस ले लिया था। अब फिर से विभाग ने एसएमओ की सीधी भर्ती करने का प्रयास किया जा रहा है।

अगर एसएमओ की सीधी भर्ती होती है तो सालों से जनता की सेवा कर रहे चिकित्सक पदोन्नति से वंचित रह जाएंगे। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने जब एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगा दी थी तो अब इस निर्णय को लागू करने का कोई औचित्य नही बनता है। एसीपी इस समय 5, 10 व 15 वर्ष पर मिलता है जिसे 4, 9, 13 व 20 वर्ष पर किया जाए।

चिकित्सक निभाएंगे अपना नैतिक फर्ज 

हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के प्रधान डॉ. बिजेंद्र ढांडा तथा डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि दो घंटे की हड़ताल पर रहते हुए भी चिकित्सक अपना नैतिक फर्ज निभाएंगे। सभी अस्पतालों में इमरजेंसी, डिलीवरी तथा पोस्टमार्टम सेवाओं को बहाल रखा जाएगा। आमजन को भी कोई परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया है। सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने बताया कि चिकित्सकों की दो घंटे की हडताल है।

इसे लेकर जानकारी उच्च अधिकारियों को उपलब्ध करवा दी गई है। अस्पताल में इमरजैंसी, पोस्टमार्टम और लेबर जैसी सेवाओं को सुचारू रखा जाएगा। वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। आमजन को उपचार के लिए परेशानी नही आने दी जाएगी।

यह भी पढे : Jind News : संदिग्ध हालात में गोली लगने से फिलिंग स्टेशन संचालक की मौत