40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 11 मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
10 मई देर रात्रि के बाद एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में 11 मई से एक बार फिर से मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बन रही है। गुरुवार को प्रदेश के तीन जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम ड्राई रहेगा। वहीं 9 मई को प्रदेश के 8 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में बरसात की 25 प्रतिशत तक संभावना है।
सिरसा रहा सबसे गर्म जिला
हरियाणा के अधिकतम तापमान में मंगलवार को 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।