11 मई तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग की ओर से आज हरियाणा के 12 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिन जिलों में बारिश हो सकती है उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल है। इन जिलों में 25 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में मौसम साफ रहेगा।
वहीं गत दिवस शाम को रोहतक में बूंदाबांदी हुई। वहीं भिवानी में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इसके अलावा मौसम विभाग ने आगामी 4 दिनों तक प्रदेश में मौसम के परिवर्तनशील रहने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
सिरसा रहा सबसे गर्म जिला
हरियाणा के अधिकतम तापमान में बुधवार को 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया।