Business News Hindi : अमेरिका और चीन टैरिफ विवाद से भारत को होगा फायदा

0
119
Business News Hindi : अमेरिका और चीन टैरिफ विवाद से भारत को होगा फायदा
Business News Hindi : अमेरिका और चीन टैरिफ विवाद से भारत को होगा फायदा

विशेषज्ञों ने माना, एक नवंबर के बाद अमेरिका में कम होगी चीनी सामान की सप्लाई

Business News Hindi (आज समाज), बिजनेस डेस्क : अमेरिका द्वारा चीन पर एक नवंबर से 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा हो चुकी है। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति यह स्पष्ट कर चुके हैं कि इस बार अमेरिका किसी तरह की काई रियायत नहीं देगा और एक नवंबर से चीन को यह टैरिफ देना होगा। दूसरी तरफ चीन भी एक विकसित और विशाल अर्थव्यवस्था है। इसके साथ ही वह निर्यात के लिए केवल अमेरिका पर निर्भर नहीं है। यही कारण है कि चीन किसी भी तरह से अमेरिकी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है। इसका भारतीय निर्यातकों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

अमेरिका, चीन विवाद पर यह बोले विशेषज्ञ

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका की ओर से चीन पर लगाए गए ऊंचे टैरिफ के चलते अमेरिकी बाजार में चीन के सामान की मांग कम होगी। भारत को इसका फायदा मिलेगा। भारत ने 2024-25 में अमेरिका को 86 अरब डॉलर का निर्यात किया था। फेडरेशन आॅफ इंडियन एक्सपोर्ट आॅर्गनाइजेशंस (फियो) के अध्यक्ष एस सी रालहान ने कहा कि इस ट्रेड वॉर से भारत को फायदा हो सकता है।

भारत का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है अमेरिका

थिंक टैंक जीटीआरआई के मुताबिक, अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापार तनाव से ग्लोबल बाजारों में ईवी, पवन टर्बाइनों और सेमीकंडक्टर पुर्जों की कीमतें बढ़ेंगी। अमेरिका इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, जूते, सफेद सामान (जैसे फ्रिज, वॉशिंग मशीन) और सौर पैनलों के लिए चीन पर बहुत अधिक निर्भर है। 2024-25 में अमेरिका लगातार चौथी बार भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बना रहा। द्विपक्षीय व्यापार 131.84 अरब डॉलर का था। इसमें से 86.5 अरब डॉलर का निर्यात भारत ने अमेरिका को किया। अमेरिका भारत के कुल माल निर्यात का लगभग 18% हिस्सा है। आयात में यह 6.22% और देश के कुल व्यापार में 10.73% का योगदान देता है। भारत और अमेरिका वर्तमान में एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर बातचीत कर रहे हैं।

एक नवंबर से चीन पर लगेगा इतना टैरिफ

अमेरिका ने 1 नवंबर, 2025 से चीनी सामानों पर अतिरिक्त 100% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इससे चीनी आयात पर कुल टैरिफ दर लगभग 130% हो जाएगी। यह कदम चीन की ओर से 9 अक्टूबर, 2025 को रेयर अर्थ (दुर्लभ पृथ्वी खनिज) के निर्यात पर नए नियंत्रण लगाने के जवाब में उठाया गया है। रेयर अर्थ अमेरिका के रक्षा, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) और स्वच्छ ऊर्जा उद्योगों के लिए बहुत जरूरी हैं। फिलहाल, अमेरिका भारतीय सामानों पर 50% टैरिफ लगाता है। यह चीन के 30% टैरिफ से ज्यादा है।