कहा, रूस उन एरिया में विस्तार करेगा जो युद्ध के दौरान उसने यूक्रेन से अपने नियंत्रण में लिए
Russia-Ukraine War (आज समाज), मास्को : रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका और यूरोपीय देश पूरा जोर लगा रहे हैं। लेकिन न तो रूसी राष्ट्रपति अपने शर्तों से पीछे हट रहे हैं और न ही यूक्रेन के राष्ट्रपति रूस अथवा अन्य किसी देश की शर्त मानने को तैयार है। यहां तक कि गत दिवस यूक्रेनी राष्टÑपति जेलेंस्की ने अमेरिका की उस शर्त को मानने से भी इंकार कर दिया जिसमें यह कहा गया था कि यूक्रेन रूस द्वारा युद्ध के दौरान कब्जाए गए क्षेत्र को छोड़ देगा।
यह बोले रूसी राष्ट्रपति पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा और कड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर शांति वार्ता रूस की शर्तों के मुताबिक आगे नहीं बढ़ी तो रूस यूक्रेन में अपने नियंत्रण वाले इलाकों का और विस्तार करेगा। पुतिन ने यह चेतावनी वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की वार्षिक बैठक में दी। उन्होंने संकेत दिया कि कूटनीति विफल हुई तो रूस सैन्य ताकत के दम पर अपने लक्ष्य हासिल करेगा। पुतिन ने कहा कि रूस संघर्ष को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहता है और युद्ध की जड़ कारणों को खत्म करने के पक्ष में है।
लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर विरोधी पक्ष और उसके विदेशी समर्थक गंभीर संवाद से इनकार करते हैं, तो रूस सैन्य कार्रवाई का रास्ता अपनाएगा। पुतिन के शब्दों में, रूस अपने ऐतिहासिक क्षेत्रों की मुक्ति के लिए बल प्रयोग करने से पीछे नहीं हटेगा। पुतिन ने दावा किया कि रूसी सेना पूरे फ्रंट लाइन पर रणनीतिक बढ़त बनाए हुए है।
रूस-यूक्रेन समझौते पर यह बोले ट्रंप
यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास तेज हुए हैं। मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि उच्चस्तरीय बैठकों के बाद समझौता पहले से ज्यादा करीब है। अमेरिका, यूक्रेन और यूरोपीय देशों के बीच सुरक्षा गारंटी और सीमाओं को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, नाटो सदस्यता जैसे मुद्दों पर अब भी सहमति नहीं बन पाई है।
ये भी पढ़ें : PM Modi Oman Visit : भारत और ओमान के बीच आपसी रिश्तों को मिली नई ऊर्जा : मोदी


