Delhi Weather Update : दिल्ली में लू नहीं उमस भरी गर्मी कर रही परेशान

0
100
Delhi Weather Update : दिल्ली में लू नहीं उमस भरी गर्मी कर रही परेशान
Delhi Weather Update : दिल्ली में लू नहीं उमस भरी गर्मी कर रही परेशान

आज और कल बारिश की संभावना, अब लू चलने के कम हैं आसार

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में इस बार मई के महीने में लू ने लोगों को परेशान नहीं किया बल्कि इस बार मई में भी उमस और चुभन भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। ऐसा ही बुधवार को भी देखने को मिला। हालांकि तापमान मात्र 36.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया लेकिन गर्मी का स्तर 48 डिग्री सेल्सियस वाला था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा वातावरण में नमी की वजह से हो रहा है। यही कारण रहा कि दिल्ली वासी दिनभर गर्मी से परेशान रहे।

आज से दो दिन बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शाम और रात के समय गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा की गति के साथ अस्थायी रूप से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएंगी। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में पश्चिमी विक्षोभ अपनी धुरी पर समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है।

इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश के साथ तूफान और बिजली कड़केगी। इस दौरान तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा की गति से चलने की संभावना है, जो तुफान के साथ अस्थायी रूप से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

दिल्ली का यह एरिया रहा सबसे गर्म

पीतमपुरा में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग में 38.6, आया नगर, लोधी रोड और रिज में 38.1 व पालम में 37.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 27.7 डिग्री दर्ज किया गया। रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आया नगर में 28.4, लोधी रोड में 26.2 और पालम में 27.3 डिग्री दर्ज हुआ।

देश में समय से पहले पहुंचा मानसून

वहीं मौसम विभाग ने बुलेटिन जारी करके कहा है कि मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। आम तौर पर जहां मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है वह आठ दिन पहले ही केरल पहुंच गया है। इसके साथ ही मुंबई सहित देश के तटीय प्रदेशों में जोरदार बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस बार देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने की कीमत ने फिर पकड़ी रफ्तार, जाने आज का बाजार