Baidu AI: जानवरों की भाषा समझ सकेंगे इंसान

0
158
Baidu AI: जानवरों की भाषा समझ सकेंगे इंसान
Baidu AI: जानवरों की भाषा समझ सकेंगे इंसान

चीन की कंपनी Baidu विकसित कर रही एआई टूल
Baidu AI (आज समाज) नई दिल्ली: चीन की टेक कंपनी Baidu एक ऐसा एआई सिस्टम विकसित कर रही है, जो इंसानों को जानवरों की भाषा समझाने में मदद करेगा। Baidu ने हाल ही में चाइना नेशनल इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी एडमिनिस्ट्रेशन में एक पेटेंट फाइल किया है, जिसमें जानवरों की आवाजों, उनके व्यवहार और शारीरिक संकेतों का विश्लेषण करके उन्हें मानव भाषा में बदलने की तकनीक का जिक्र है।

जानवरों की आवाज को रिकॉर्ड कर लगाया जाएगा अनुमान

Baidu के अनुसार, यह एआई सिस्टम सबसे पहले जानवरों की आवाजों जैसे म्याऊं, भौंकना आदि को रिकॉर्ड करेगा। इसके साथ-साथ उनके चलने-फिरने के तरीके और दिल की धड़कन जैसी शारीरिक गतिविधियों को भी मापा जाएगा। फिर इन सभी डेटा को मिलाकर एआई यह अनुमान लगाएगा कि जानवर खुश है, डर रहा है या भूखा है। इसके बाद, सिस्टम इन भावनाओं को इंसानी शब्दों या वाक्यों में बदल देगा जिससे इंसानों और जानवरों के बीच पहले से कहीं गहरा संवाद संभव हो सकेगा।

रिसर्च फेज में प्रोजेक्ट

Baidu ने अपने पेटेंट में कहा है कि यह तकनीक जानवरों और इंसानों के बीच भावनात्मक संवाद और समझ को गहरा बनाएगी और प्रजातियों के बीच संचार की सटीकता और कुशलता को बेहतर करेगी। कंपनी ने साफ किया कि फिलहाल यह प्रोजेक्ट रिसर्च फेज में ही है और इसे कब तक लॉन्च किया जाएगा, यह तय नहीं है।