ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान गोगामेड़ी जा रहे थे सभी पीछे से कंटेनर ने मारी टक्कर
UP Breaking News (आज समाज), बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुए भीष्ण हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 43 घायल हो गए। घायलों में कई श्रद्धालुओं की हालत गंभीर है इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। जानकारी के अनुसार यह हादसा नेशनल हाई 34 पर उस समय हुआ जब सड़क पर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रोली को पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी।
जिससे अंसतुलित होते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गए। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पर करीब 55 से ज्यादा लोग सवार थे। श्रद्धालु कासगंज से जाहरबीर (गोगाजी) के दर्शन के लिए राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे थे। हादसा रविवार रात 2 बजे नेशनल हाईवे 34 पर अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास हुआ।
मृतकों में एक बच्चा व तीन महिलाएं शामिल
मृतकों में 6 साल बच्चा, 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं ने ट्रॉली को डबल डेकर बना दिया था। ट्रॉली के बीच में लकड़ी लगाकर उसे दो हिस्सों में बांट दिया गया था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग बैठ सकें। घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज, बुलंदशहर जिला अस्पताल और खुर्जा में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने बताया- 10 घायलों को बुलंदशहर जिला अस्पताल में और 23 को खुर्जा अस्पताल में भर्ती किया गया है। 10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कंटेनर का ड्राइवर फरार हो गया। कंटेनर में धान की भूसी भरी थी। हाईवे से ट्रैक्टर को हटाकर यातायात फिर से चालू करा दिया गया है।
इस तरह हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान कासगंज निवासी ईयू बाबू (40) रामबेटी (65), चांदनी (12) घनीराम (40), मोक्षी (40) शिवांश (6), योगेश (50) और विनोद (45) के रूप में हुई है। घायल राजकुमार ने बताया- ट्रैक्टर बहुत धीरे-धीरे चल रहा था। हम लोग नींद में थे। बच्चे भी सब सो गए थे, तभी अचानक पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी। इतनी जल्दी क्या हो गया, किसी को समझ में नहीं आया। बच्चे दर्द से चीख रहे थे। कुछ लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई थी। जहां हादसा हुआ, वहां कोई मोड़ भी नहीं था।
हादसे की जांच की जा रही
वहीं पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कंटेनर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और जल्द ही कंटेनर चालक भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Today Weather Update : बारिश का कहर, बाढ़ की चपेट में कई राज्य