Haryana Weather Update: आज पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना

0
50
Haryana Weather Update: आज पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना
Haryana Weather Update: आज पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना

22 अगस्त से प्रदेश में मानसून होगा सक्रिय
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: पंचकूला और यमुनानगर में आज मौसम विभाग की ओर से तेज बारिश का की संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई भी अलर्ट मौसम विभाग ने जारी नहीं किया है। मौसम विभाग का कहना है कि आज और कल प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।

22 अगस्त से प्रदेश में मानसून फिर से रफ्तार पकड़ेगा। आईएमडी के अनुसार आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल में 0 से 25 प्रतिशत बारिश की संभावना है। वहीं अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत में 25 से 50 प्रतिशत हो सकती है। यमुनानगर और पंचकूला में 50 से 75 फीसदी बारिश की संभावना जताई गई है।

यमुनानगर में 800 एमएम से ज्यादा हो चुकी बारिश

बता दें कि, मंगलवार को प्रदेश के सोनीपत, रोहतक आदि जिलों में बारिश हुई। इस मानसून सीजन अभी तक सामान्य से अधिक बारिश हुई है। हरियाणा में सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में हुई है और यहां बरसात का आंकड़ा 800 एमएम को पार कर चुका है। वहीं सबसे कम बारिश सिरसा में दर्ज की गई।

प्रदेश में अब तक सामान्य से 12 फीसदी ज्यादा हो चुकी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में अब तक सामान्य से 12 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 19 अगस्त तक औसतन 299.9 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन प्रदेश में 336.6 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस सीजन सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 800.2 और महेंद्रगढ़ में 566.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 161.8 और कैथल में 169.0 एमएम बारिश दर्ज हुई है।

मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ा

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गांव नैसी में तटबंध टूटने से हजारों एकड़ फसल पानी में डूब गई है। मारकंडा किनारे से लगते गांवों में खतरा कम नहीं हुआ है। कठवा, पट्टी जामड़ा और तंगौर गांव में मारकंडा का पानी जमा है।

यमुना के जलस्तर में भी आई गिरावट

हथनी कुंड बैराज पर मंगलवार रात 9:00 बजे 47952 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। यमुना नदी में 33932 क्यूसेक, पश्चिमी यमुना नहर में 13010 क्यूसेक और यूपी को 1510 क्यूसेक पानी की सप्लाई दी गई।

ये भी पढ़ें : महाराष्ट्र में जानलेवा हुई बारिश, अब तक 14 की मौत