45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा प्रदेश का तापमान
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में लू को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में आज और कल (20-21 मई) को लू चलेंगी। मौसम विज्ञान विभाग ने 20 से 23 मई तक के लिए मौसम का पूवार्नुमान जारी किया है। 20 मई को सिरसा, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही रातें भी गर्म होंगी।
21 मई को सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रातें भी गर्म रहेंगी। साथ ही 22 मई को मौसम सामान्य रहेगा। वहीं 23 मई को प्रदेश के तीन जिलों अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर में मौसम बदलेगा। जिसके तहत बादल छाए रहने, गरज व चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लू को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।
फतेहाबाद में स्कूलों का समय बदला
प्रदेश का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। जिसके चलते लोगों को गर्मी का सामना भी करना पड़ रहा है। हीटवेव के अलर्ट को देखते हुए फतेहाबाद के स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सोमवार को 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य के नजदीक ही चल रहा है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला हिसार रहा। हिसार का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
यह भी पढ़ें : हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पूछताछ के लिए चंडीगढ़ ले गई एनआईए