Gurugram News : आठ अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान का पहला चरण

0
71
Gurugram News : आठ अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान का पहला चरण
डीसी अजय कुमार।
  • प्रदर्शनियां-प्रतियोगिताएं व कार्यशालाएं होंगी
  • शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों आदि में लगाई जाएंगी प्रदर्शनियां

(Gurugram News) गुरुग्राम। अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत और भावनात्मक संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में लगातार चौथे वर्ष हर घर तिरंगा अभियान मनाया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान 15 अगस्त 79वें स्वतंत्रता दिवस तक तीन चरणों में चलेगा। पहला चरण 8 अगस्त तक, दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक तथा तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।

डीसी अजय कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय और महानिदेशक सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा की ओर से हर घर तिरंगा अभियान गाइडलाइंस जारी की गई हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 8 अगस्त तक स्कूलों की दीवारों और बोर्ड को तिरंगे से प्रेरित कला से सजाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों आदि में प्रदर्शनियों का आयोजन होगा। स्कूल, कालेज व सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाएं और प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ ही सैनिकों और पुलिसकर्मियों को आभार पत्र लिखकर डाक विभाग के समन्वय से राखियां भेजी जाएंगी।

9 से 12 अगस्त के बीच आयोजन होंगे

सार्वजनिक स्थानों व बाजारों में तिरंगे रंगों को प्रदर्शित करने के लिए तिरंगे धागे युक्त तिरंगा बुनाई और धागे की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। डीसी ने बताया कि दूसरे चरण में 9 से 12 अगस्त के बीच वृहद आयोजन होंगे। इस दौरान तिरंगा महोत्सव के रूप में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा। इसमें वृहद तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूजिकल कन्सर्ट’ का आयोजन होगा। प्रदेश स्तरीय तिरंगा महोत्सव का आयोजन किसी प्रमुख स्थल पर व्यापक जनभागीदारी के साथ होगा।

तिरंगा महोत्सव आयोजित किए जाने वाले प्रमुख स्थल पर तिरंगा मेले का भी आयोजन होगा। इसमें ग्रामीण विकास विभाग के स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पाद तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के सहयोग से निर्मित उत्पादों, स्थानीय उत्पादों, तिरंगा रंग की थीम वाली वस्तुओं की बिक्री की जाएगी। तिरंगा मेला में तिरंगा प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। गृह विभाग/पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बलों, एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड एवं खेल विभाग के सहयोग से तिरंगा बाइक रैली/तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा।

स्वयं सहायता समूहों, पीडीएस दुकानों, खादी भंडार और स्थानीय बाजार के वस्त्रालयों आदि के माध्यम से तिरंगा की बिक्री और वितरण किया जाएगा। डीसी ने बताया कि अभियान के तीसरे चरण में 13 से 15 अगस्त के बीच सभी सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और तिरंगा प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

यह भी पढ़े : Gurugram News : गुरुग्राम में हुई हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान की प्रांतीय कार्यकर्ता बैठक