Gurugram News : वोकल फॉर लोकल के संकल्प के साथ मनाएं इस बार दिवाली: राव नरबीर सिंह

0
56
Gurugram News : वोकल फॉर लोकल के संकल्प के साथ मनाएं इस बार दिवाली: राव नरबीर सिंह
गुरुग्राम के खंड फर्रुखनगर में प्रजापति कुम्भकार संघ के मिशन माटी दीप महोत्सव में लोकल फॉर वोकल का संदेश देने को जलाए गए मिट्टी के दीये।
  • देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने को अपनाएं स्वदेशी उत्पाद
  • स्वदेशी उत्पादों पर खर्च किया गया हर रुपया हमारी अर्थव्यवस्था को करेगा मजबूत

Gurugram News (आज समाज) गुरुग्राम। उद्योग एवं वाणिज्य तथा पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस बार हर देशवासी को वोकल फॉर लोकल के संकल्प के साथ स्वदेशी दीपों से दिवाली मनानी चाहिए। भारतीय उत्पादों पर खर्च किया गया हर रुपया न केवल देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा, बल्कि रोजगार सृजन में भी योगदान देगा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करेगा।

राव नरबीर सिंह शनिवार की देर शाम फर्रुखनगर में प्रजापति कुम्भकार संघ द्वारा आयोजित 9वें मिशन माटी दीप महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से पूर्व सामुदायिक केंद्र परिसर में सामूहिक रूप से 5151 दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने नगर पालिका फर्रुखनगर कार्यालय और लाइब्रेरी भवन का भी शिलान्यास किया। राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल-लोकल फॉर ग्लोबल दृष्टिकोण को आज देशभर में अद्भुत समर्थन मिल रहा है।

राष्ट्रहित में स्वदेशी उत्पादों को दे प्राथमिकता 

हर नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह राष्ट्रहित में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दे और विदेशी वस्तुओं की निर्भरता को कम करे। उन्होंने प्रजापति समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि प्रजापति समाज हमारी परंपराओं, संस्कृति और स्वदेशी पहचान का जीवंत प्रतीक है। उनके द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीए न केवल घरों में उजाला करते हैं, बल्कि भारतीय कला और कौशल का संदेश भी देते हैं।

राव ने कहा कि दिवाली केवल रोशनी और उल्लास का पर्व नहीं, बल्कि यह आर्थिक आत्मनिर्भरता का उत्सव भी है। जब हम मिट्टी के दीए जलाते हैं, तो केवल घर नहीं, बल्कि देश के प्रजापति समाज के जीवन में भी प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि आज भी हमारे देश में लाखों कुम्हार, बढ़ई, हस्तशिल्पी और छोटे व्यापारी अपनी मेहनत से भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

प्लास्टिक मुक्त दीपावली मनाएं

राव नरबीर सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे इस बार प्लास्टिक मुक्त दीपावली मनाएं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग को त्यागें और मिट्टी के दीयों, कपड़े के थैलों, और प्राकृतिक सजावट का प्रयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार स्वदेशी उद्योगों के विकास के लिए लगातार कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा का हर क्षेत्र आत्मनिर्भर और औद्योगिक रूप से मजबूत बने। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय मूर्तिकार नरेश कुमावत, नगर पालिका फर्रुखनगर के अध्यक्ष बीरबल सैनी, उप चेयरमैन प्रदीप, संस्था के प्रधान सूरत सिंह, उपप्रधान देवकरण, सचिव दिनेश, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान तथा हाजीपुर के सरपंच धर्मपाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

यह भी पढे : Faridabad News : सांस्कृतिक मंच पर वॉयस ऑफ पंजाब 2013 के विजेता गायक दीपेश राही की दमदार प्रस्तुति