Punjab Breaking News : बाढ़ से हुए नुकसान की सरकार करेगी भरपाई : बरिंदर कुमार

0
67
Punjab Breaking News : बाढ़ से हुए नुकसान की सरकार करेगी भरपाई : बरिंदर कुमार
Punjab Breaking News : बाढ़ से हुए नुकसान की सरकार करेगी भरपाई : बरिंदर कुमार

कैबिनेट मंत्री ने बाढ़ प्रभावित एरिया का लिया जायजा, कहा, प्रभावित लोगों तक सीधी पहुंच और राहत कार्यों की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री ने 8 कैबिनेट मंत्रियों की लगाई ड्यूटी

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़/फिरोजपुर/तरनतारन : पंजाब के कैबिनेट मंत्री ने बाढ़ प्रभावित फिरोजपुर जिले के गांव टैंडी वाला, गजनी वाला और धीरा घारा का दौरा किया, जहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मान सरकार द्वारा फसलों और संपत्ति के नुकसान की भरपाई की जाएगी।

इस अवसर पर उनके साथ विधायक फिरोजपुर शहरी रणबीर सिंह भुल्लर, विधायक फिरोजपुर ग्रामीण रजनीश कुमार दहिया और विधायक गुरुहरसहाय फौजा सिंह सरारी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। तरनतारन के दौरे के दौरान बरिंदर कुमार गोयल के साथ कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर उपस्थित रहे, जहां उन्होंने हरिके हेडवर्क्स से निवाण की ओर सतलुज नदी पर बने धुस्सी बांध का दौरा किया। दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और कुत्तीवाल, घड़ुंम, बस्ती लाल सिंह, सभरा, गदाईके, गट्टी हरिके आदि गांवों के प्रभावित लोगों और किसानों की मुश्किलें सुनीं।

लोगों के बीच में रहें प्रशासनिक टीमें

कैबिनेट मंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि डीसी, एसएसपी से लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर मूलभूत सहायता देने के लिए पाबंद किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार की सबसे अहम प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं और राशन उपलब्ध कराना है। उन्होंने आदेश दिया कि इसके साथ साथ पशुधन की देखभाल सुनिश्चित करने और बदलती स्थिति पर दिन-रात नजर रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

बाढ़ रोकथाम कार्यों पर खर्च किए 276 करोड़

गोयल ने बताया कि बाढ़ रोकथाम कार्यों पर पंजाब सरकार द्वारा 276 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा बांधों पर मिट्टी से भरे बोरे रखे गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इस्तेमाल किया जा सके। हरिके हेडवर्क्स के निरीक्षण के दौरान दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने बताया कि इस समय हरिके हेडवर्क्स पर 11,600 क्यूसिक पानी बह रहा है, 20,000 क्यूसिक पानी नहरों में छोड़ा जा रहा है और 96,000 क्यूसिक पानी डाउनस्ट्रीम चल रहा है। गोयल ने हुसैनीवाला हेड पर डिप्टी कमिश्नर दीपसिखा शर्मा, एसएसपी भुपिंदर सिंह सिद्धू, मुख्य इंजीनियर (ड्रेनेज) हरदीप सिंह मैंदीरत्ता और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राहत कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।