दिल्ली सर्राफा बाजार में 1,25,600 रुपए प्रति 10 ग्राम रही कीमत
Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : पिछले कई दिन की मंदी को तोड़ते हुए शुक्रवार को सोने ने एक बार फिर से अपनी चमक बिखेरी। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने में 2200 रुपए प्रति 10 ग्राम तेजी देखी गई। इसके साथ ही सोना 1,25,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा। आपको बता दें कि गुरुवार को इसमें एक हजार रुपए प्रति दस ग्राम की कमजोरी आई और यह 1,23,400 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
वहीं चांदी गुरुवार को चांदी की कीमत 3,300 रुपए बढ़कर 1,55,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। सरार्फा एसोसिएशन के अनुसार, बुधवार को यह सफेद धातु 1,51,700 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अखिल भारतीय सरार्फा संघ के अनुसार, स्टॉकिस्टों और आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 2,200 रुपये बढ़कर 1,25,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी
भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। इसके साथ ही एक बार फिर से शेयर बाजार ने निराशाजनक क्लोजिंग की। शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट के पीछे जानकारोंने निजी बैंकों में बिकवाली और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख मुख्य कारण माना है। इसी के चलते शुक्रवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 465.75 अंक या 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,938.71 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान यह 498.8 अंक या 0.59 प्रतिशत गिरकर 83,905.66 अंक पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 155.75 अंक या 0.60 प्रतिशत गिरकर 25,722.10 पर आ गया। शुक्रवार को सेंसेक्स की कंपनियों में इटर्नल, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, ट्रेंट और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से पिछड़ गए। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईटीसी और भारतीय स्टेट बैंक को लाभ हुआ।
विश्व के अन्य बाजारों में भी दिखाई दी गिरावट
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुए, जबकि शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक दायरे में बंद हुए।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : भारत और अमेरिका व्यापार वार्ता अंतिम दौर में : गोयल


