Girija Vyas Passes Away: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता की उदयपुर में अंत्येष्टि आज

0
71
Girija Vyas Passes Away
Girija Vyas Passes Away: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री का उदयपुर में आज किया जाएगा अंतिम संस्कार
  • 31 मार्च को आरती करते समय जलते दीपक से दुपट्टे में लगी आग
  • गंभीर रूप से जल गई थीं व्यास, उदयपुर से भेजा था अहमदाबाद
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री की गुरुवार शाम अहमदाबाद के अस्पताल में मौत

Girija Vyas No More, (आज समाज), उदयपुर: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वह 79 वर्ष की थीं। गिरिजा व्यास 31 मार्च को अपने घर में आरती करते समय जल गई थीं। उनके परिवार ने गुरुवार को निधन की जानकारी दी। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व अन्य कांग्रेस नेताओं ने व्यासस के निधन पर गहरा शोक जाया है।

अहमदाबाद के अस्पताल में ली अंतिम सांस 

व्यास के भाई गोपाल शर्मा ने बताया कि गुरुवार शाम अहमदाबाद के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। कांग्रेस नेता 31 मार्च को अपने घर में आरती कर रही थीं। इसी दौरान उनके दुपट्टे में जलते हुए दीपक से आग लग गई और वह गंभीर रूप से जल गईं। उन्हें पहले उदयपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें अहमदाबाद रेफर कर दिया गया। गोपाल शर्मा ने बताया कि गिरिजा व्यास का अंतिम संस्कार आज उदयपुर में किया जाएगा।

महिला आयोग की अध्यक्ष भी रह चुकी थीं व्यास 

गिरिजा व्यास कांग्रेस की एक प्रमुख नेता थीं, जिन्होंने राज्य और केंद्र दोनों सरकारों में मंत्री के रूप में काम किया। वह पीसीसी प्रमुख भी थीं। वह राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि व्यास का जीवन जनसेवा को समर्पित था और अपने सौम्य व्यवहार के कारण उन्हें हमेशा एक लोकप्रिय नेता के रूप में याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति : गहलोत

पूर्व सीएम गहलोत ने एक्स पर हिंदी में पोस्ट कर कहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिजा व्यास का निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने आगे कहा, गिरिजा व्यास ने शिक्षा, राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में महान योगदान दिया था। ऐसे हादसे में उनका असामयिक निधन हम सभी के लिए बड़ा सदमा है।

गिरिजा व्यास के निधन की खबर बेहद दुखद : डोटासरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने एक्स पर कहा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व पीसीसी अध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास जी, जो केंद्रीय मंत्री थीं, के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा, गिरिजा जी का निधन कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है, कांग्रेस पार्टी और राज्य की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। गिरिजा जी के परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

ये भी पढ़ें : Dadi Ratan Mohini Passes Away: ब्रह्माकुमारीज की मुख्य प्रशासक दादी रतन मोहिनी का 100 वर्ष की उम्र में देहवसान