Flood Threat : यमुना क्षेत्र में संभावित बाढ़ के खतरे के मद्देनजर 24 घंटे अलर्ट मोड पर फरीदाबाद जिला प्रशासन : विक्रम सिंह

0
56
Flood Threat : यमुना क्षेत्र में संभावित बाढ़ के खतरे के मद्देनजर 24 घंटे अलर्ट मोड पर फरीदाबाद जिला प्रशासन : विक्रम सिंह
उपायुक्त विक्रम सिंह अधिकारियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए।
  • जलस्तर बढ़ने से यमुना क्षेत्र में बसे डेढ़ दर्जन गांवों के प्रभावित होने की है संभावना

Flood Threat (आज समाज) फरीदाबाद। यमुना नदी के जलस्तर के बढ़ने की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन 24 घंटे अलर्ट है और बाढ़ से बचाव के लिए एक्शन मोड में कार्य कर रहा है। उपायुक्त विक्रम सिंह ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने और सभी आवश्यक तैयारियां और प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

गांवों में मॉनिटरिंग करें सुनिश्चित 

उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने से यमुना क्षेत्र में बसे गांव मोहना, लतीपुर, मंझावली सहित लगभग डेढ़ दर्जन गांवों के अधिक प्रभावित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ऐसे में पंचायत स्तर पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार व अन्य संबंधित अधिकारी सहित 24 घंटे अलर्ट मोड में काम करते हुए गांवों में मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने चौकीदारों को भी 24 घंटे अलर्ट रहते हुए पहरेदारी और मुनादी करवाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए जिन्हें बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने का पूर्व अनुभव हो ताकि स्थिति को जल्द से जल्द कंट्रोल किया जा सके और लोगों को बचाव व राहत पहुंचाई जा सके।
इस कड़ी में उपायुक्त ने कहा कि सोमवार रात्रि को ओखला बैराज से 60 हजार क्यूसेक व हथिनी कुंड बैराज से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना है, इससे यमुना निकट बसे निचले क्षेत्रों में पानी आने की संभावना है।

ग्रामीण समय रहते सुरक्षित जगहों पर लें पनाह :

उपायुक्त विक्रम ने आह्वान किया कि यमुना नदी के किनारे बसे गांवों के नागरिकों को विशेषकर रात्रि के समय पूरी तरह सावधान और सतर्क रहना चाहिए। यमुना नदी के किनारे स्थित गांवों के ग्रामीण समय रहते जिला प्रशासन की ओर से चिन्हित की गई सुरक्षित जगहों पर पनाह ले लें और बाढ़ से बचाव के लिए चिन्हित जगहों पर ही रहें।

आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे अलर्ट मोड पर : डीसी

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें और बाढ़ से बचाव को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम जैसे नाव, लाइफ जैकेट, रस्सी, सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गांव बसंतपुर में एसडीआरएफ को तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी विषम परिस्थिति से निपटा जा सके। साथ ही जिला में आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा सभी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं।

आमजन अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक सूचनाओं और तथ्यों पर करें विश्वास :

जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ के मद्देनजर चेतावनी दी गई है कि संवेदनशील समय में अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे केवल और केवल जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं और तथ्यों पर ही विश्वास करें।

यह भी पढ़े : Faridabad News : बजट का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ करें वार्ड पार्षद : सीईओ शिखा