Delhi Fire News : दिल्ली के शाहदरा में लगी आग, दो की मौत, चार गंभीर

0
119
Delhi Fire News : दिल्ली के शाहदरा में लगी आग, दो की मौत, चार गंभीर
Delhi Fire News : दिल्ली के शाहदरा में लगी आग, दो की मौत, चार गंभीर

लगातार तीसरे दिन आग लगने की घटना आई सामने

Delhi Fire News (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली में पिछले कुछ दिन से आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शुक्रवार से लेकर रविवार तक तीन दिन में ही राजधानी में आग लगने की चार बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। शुक्रवार को जहां जहांगीरपुरी में घर में सिलेंडर रिसाव से आग लगने से चार लोग झुलस गए थे वहीं रविवार को दिल्ली के शाहदरा में ई-चार्जिंग स्टेशन में आग लग गई।

आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6.40 मिनट पर दमकल विभाग को शाहदरा के मोती राम रोड पर राम मंदिर के पास ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में आग लगने की सूचना मिली। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, दो जले हुए शव मिले है। चार लोगों का जीटीबी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

कपड़े की फैक्टरी में आग लगी, कोई हताहत नहीं

उधर, दिल्ली के उद्योग नगर औद्योगिक क्षेत्र में रविवार तड़के एक कपड़ा फैक्टरी में आग लग गई। अग्निशमन विभाग को घटना की सुबह करीब 5.25 बजे सूचना मिली। शनिवार अल सुबह दिल्ली के औद्योगि क्षेत्र बवाना में एक प्लास्टिक फैक्टरी में आग लग गई। जब तक इसकी सूचना फैक्टरी मालिकों या फिर अग्निशमन विभाग को लगती तब तक आग तेजी से पूरी फैक्टरी में फैल गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक के बाद एक 17 गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फैक्टरी में लगातार ब्लास्ट होते रहे और इमारत भरभरा कर गिर गई। हालांकि अभी तक इस हादसे में किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है।

शुक्रवार को जहांगीरपुरी में सिलेंडर फटने से लगी थी आग

जहांगीरपुरी इलाके में शुक्रवार दोपहर सिलेंडर में रिसाव से घर में आग लग गई। आग के चपेट में आने से नौ साल की बच्ची समेत चार लोग झुलस गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाकर सभी घायलों को तुरंत जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घायलों की पहचान नफीस (60), सदरा (55), अदनान (17) और सनाया (9) के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें : Delhi News Update : दिल्ली सीएम ने पेश किया विकसित दिल्ली का रोडमैप