Ludhiana Breaking News : वेरका मिल्क प्लांट में धमाका , एक की मौत

0
79
Ludhiana Breaking News : वेरका मिल्क प्लांट में धमाका , एक की मौत
Ludhiana Breaking News : वेरका मिल्क प्लांट में धमाका , एक की मौत

हादसे में छह लोग घायल, पांच की हालत गंभीर

Ludhiana Breaking News (आज समाज), लुधियाना : शहर के वेरका मिल्क प्लांट में बॉयलर फटने से मिल्क प्लांट के एक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर है। जिन्हें डीएमसी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना सराभा नगर के एसएचओ आदित्य शर्मा ने बताया कि बॉयलर में ब्लास्ट होने के कारण धमाका हुआ और इससे छह लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान कलुवंत सिंह, अजीत सिंह, पुनीत कुमार, दविंदर सिंह और गुरतेज के रूप में हुई।

हीटर प्लांट में हुआ ब्लास्ट

वहीं हादसे में कुनाल जैन की मौत हो गई है। वह हैबोवाल का रहने वाला था और उसकी उम्र 42 साल थी। उसकी पत्नी भी इसी प्लांट में काम करती है। कुनाल जैन के दोस्तों का कहना है कि रात को वह सभी एक बर्थडे पार्टी में थे। इसी दौरान उसे फोन आया और रात को प्लांट में बुलाया गया।

उन्होंने बताया कि उसे कहा गया था कि प्लांट का बॉयलर चेक करना है। उसकी छुट्टी थी और आॅफ ड्यूटी होने के बावजूद उसे बुलाया गया। प्लांट के एक कर्मचारी ने बताया कि प्लांट में 450 किलो वाले सिलेंडर होते हैं। कल विश्वकर्मा पूजा के बाद रात को उन्हें प्लांट का ट्रायल लेना था। रात को कर्मचारियों को बुलाया गया। ट्रायल ले रहे थे कि तभी हीटर प्लांट में ब्लास्ट हो गया।

तरनतारन में गोली मारकर महिला की हत्या

तरनतारन के खडूर साहिब के गांव धगाणा में मामूली विवाद पर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात में दो लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस वारदात में जिस महिला की मौत हुई है उसकी पहचान पंचायत सदस्य मनदीप कौर के रूप में हुई है। जबकि घायलों में गुरप्रीत सिंह व गुरभेज सिंह है। दूसरी तरफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव के पूर्व सरपंच साहिब सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। जिला तरनतारन के गांव धगाणा निवासी जतिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मनदीप कौर पंचायत सदस्य है। पड़ोस में पूर्व सरपंच साहिब सिंह का घर है। मंगलवार रात करीब नौ बजे सरपंच साहिब सिंह के लड़के सुखविंदर सिंह गोगी व लखविंदर सिंह ने अपने ट्रैक्टर पर गाने चला रखे थे। एक आपत्तिजनक गाने को गोगी बार-बार चला रहा था।