नई दिल्ली. बॉलीवुड एक बार फिर से रविवार को थर्रा गया जब टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई. मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री लंबे समय से अंडरवर्ल्ड की धमकियों, जबरन वसूली और गोलीबारी जैसी घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रही है. टाइगर पर की गई फायरिंग ने एक बार फिर बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी. वहीं फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंग की घटनाएं भी सामने आई थी. 1990 के दशक में पूरा देश टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार की हत्या से दहल गया था.
रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग हुई. इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी मिली. आपको बता दें कि इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह सामने आया है. इससे जुड़े एक व्यक्ति ने पोस्ट कर घटना की जिम्मेदारी ली. हालांकि किसी गिरोह के दावे को अपने आप में उसकी संलिप्तता का निर्णायक सबूत नहीं माना जा सकता.

सलमान खान के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
दो साल पहले अप्रैल 2024 में मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग से हंगामा मच गया था. दो बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी की थी. इस घटना के बाद पुलिस ने जांच की और मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया. जांच में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित संबंधों का पहलू भी सामने आया. सलमान खान को इससे पहले भी धमकियां मिलती रही हैं. इन घटनाओं के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई.
रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी चली थीं गोलियां
इसी साल फरवरी 2026 में फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू के घर पर फायरिंग की घटना सामने आई थी. इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने का दावा सामने आया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इससे यह सवाल खड़ा कर दिया कि फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित हस्तियों को निशाना बनाने की कोशिशें क्यों हो रही हैं. ऐसे मामलों में आरोपियों तक पहुंचना कितना जरूरी है.
राकेश रोशन पर हुआ था हमला, बच गई थी जान
बॉलीवुड के जाने माने फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर राकेश रोशन पर भी जानलेवा हमला किया गया था. जनवरी 2000 में फिल्म कहो ना… प्यार है की सफलता के कुछ ही समय बाद मुंबई में उनके ऑफिस के पास उनके ऊपर गोलीबारी की गई थी. आपको बता दें कि इस घटना में राकेश रोशन को गोलियां भी लगीं थी.

गुलशन कुमार की हत्या ने बॉलीवुड को हिला दिया था
अब तक की सबसे शॉकिंग घटना 12 अगस्त 1997 को हुई थी जब टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार की मुंबई के अंधेरी इलाके में एक मंदिर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उनकी हत्या ने पूरे देश में सनसनी फैला दी. फिल्म तथा संगीत उद्योग में अंडरवर्ल्ड के कथित हस्तक्षेप पर गंभीर सवाल उठे. बताया गया था कि उनको कई महीने से आपराधिक गिरोहों की धमकियों मिल रही थी. जबरन वसूली से जुड़ा मामला भी सामने आया था.
मुकेश दुग्गल की हुई थी हत्या
साल 1997 में ही फिल्म निर्माता मुकेश दुग्गल की भी हत्या कर दी गई थी. गुलशन कुमार से पहले 7 मार्च 1997 को मुकेश दुग्गल के मुंबई के अंधेरी इलाके में ऑफिस में घुसकर गोली मार दी गई थी. इस घटना ने फिल्म निर्माण और अंडरवर्ल्ड के कथित संबंधों पर एक बार फिर ध्यान खींचा.


