Himachal Crime News : शिमला में वायरल किया शैक्षणिक संस्थानों के बंद होने का पत्र, प्रशासन ने बताया फर्जी, दी कार्रवाई की चेतावनी

0
43
शिमला जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का मन बनाया है जिन्होंने जिला प्रशासन की तरफ से फर्जी लेटर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसमें आज प्रदेश में शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी के निर्देश दिए गए थे।
Himachal Crime News : शिमला में वायरल किया शैक्षणिक संस्थानों के बंद होने का पत्र, प्रशासन ने बताया फर्जी, दी कार्रवाई की चेतावनी
Himachal Crime News : शिमला में वायरल किया शैक्षणिक संस्थानों के बंद होने का पत्र, प्रशासन ने बताया फर्जी, दी कार्रवाई की चेतावनी

पत्र पर किए गए डीसी शिमला के हस्ताक्षर

Himachal Crime News (आज समाज), शिमला : हिमाचल में मानसून सीजन के चलते हो रही बारिश से सैंकड़ों सड़कें बंद हैं। लगभग पूरे हिमाचल में कनेक्टिविटी प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन समय-समय पर शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी करता है। हालांकि वर्तमान समय में हिमाचल में बारिश का दौर थमा हुआ है और पूरे प्रदेश में शैक्षणिक संस्थान खुले हुए हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल होने का समाचार है।

इसमें शिमला में प्रशासन के नाम से सोशल मीडिया पर शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने संबंधी एक आदेश वायरल हो रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार, यह पत्र फर्जी एवं भ्रामक है। वायरल पत्र में जिला शिमला के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों (स्कूलों, कॉलेजों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कोचिंग सेंटर एवं नर्सिंग संस्थानों) को बंद रखने का उल्लेख किया गया है।

वायरल पत्र पर यह बोले डीसी शिमला

इस पत्र पर डीसी एवं चेयरमैन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शिमला के नाम एवं हस्ताक्षर का भी प्रयोग किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इस पत्र को आधिकारिक आदेश न माना जाए। किसी भी प्रकार के अवकाश अथवा शिक्षण संस्थानों को बंद रखने संबंधी आदेश केवल जिला प्रशासन/संबंधित विभाग के अधिकृत माध्यमों से जारी किए जाते हैं।

जिला प्रशासन ने आम जनता, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे बिना सत्यापन ऐसे पत्रों को सोशल मीडिया पर साझा न करें। किसी भी आदेश की पुष्टि संबंधित विभाग अथवा जिला प्रशासन के आधिकारिक माध्यम से ही करें।

ऐसे लोगों पर की जाएगी सख्त कार्रवाई

फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी अधिकारी के नाम एवं हस्ताक्षर का दुरुपयोग करना गंभीर मामला है। ऐसे दस्तावेज को प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीसी शिमला ने कहा है कि ऐसे लोगों पर आपराधिक मामला दर्ज करवाया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत न करे।

राजधानी शिमला जिले में 13 सड़कें बंद हैं। ठियोग में दो, रामपुर में आठ, चौपाल में दो और सुन्नी में एक सड़क बाधित है। बिजली व्यवस्था में तीन डीटीआर प्रभावित बताए गए हैं। इसके साथ ही जिले में 12 पेयजल आपूर्ति योजनाएं बाधित हैं, जिनमें ठियोग की एक, रामपुर की नौ और चौपाल की दो योजनाएं शामिल हैं।