Delhi News : राजधानी दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने की कवायद तेज

0
87
Delhi News : राजधानी दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने की कवायद तेज
Delhi News : राजधानी दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने की कवायद तेज

मानसून सीजन शुरू होते ही पौधरोपण में आई तेजी

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने के लिए एक तरफ जहां दिल्ली सरकार अल्पकालीन प्रयास कर रही है वहीं दीर्घकालीन प्रयासों पर भी फोकस किया जा रहा है। यही कारण है कि सीएम रेखा गुप्ता ने पिछले दिनों जहां प्रदूषण घटाने के लिए कुछ सख्त निर्णय लिए। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के हर नागरिक को उचित स्थान देखकर वहां पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया ताकि आने वाले वर्षों में राजधानी दिल्ली को प्रदूषण की समस्या से स्थाई रूप से निजात दिलाई जा सके।

दिल्ली सरकार के साथ एमसीडी का साथ

एक तरफ दिल्ली सरकार पूरे शहर में पौधरोपण अभियान चला रही है। वहीं एमसीडी भी दिल्ली सरकार के इस अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर अपना सहयोग दे रहा है। इसी के चलते एमसीडी की स्थाई समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 2025 के अंत तक 7,03,298 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें तीन लाख पेड़, चार लाख झाड़ियां और 3,298 बांस के पौधे शामिल हैं। सत्या शर्मा ने बताया कि मानसून सीजन को देखते हुए अभियान को गति दी गई है और इसे चरणबद्ध रूप से सालभर तक जारी रखा जाएगा।

राजधानी को जोन में बांटकर किया जा रहा पौधरोपण

सत्या शर्मा ने बताया कि एमसीडी अपने अभियान के तहत राजधानी दिल्ली को अलग-अलग जोन में बांटकर पौधरोपण कर रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक 12 जोनों में 66,242 पौधे लगाए जा चुके हैं, इनमें 21,493 पेड़, 41,918 झाड़ियां और 2,831 बांस के पौधे शामिल हैं। उद्यान विभाग बारिश के मौसम में इस अभियान को युद्धस्तर पर चला रहा है। यह पहल राजधानी की हवा को साफ करने, तापमान को कम करने और जैव विविधता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रीन एक्शन प्लान की निगरानी और बेहतर कार्यान्वयन के लिए उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई है।

ये भी पढ़ें : Delhi Weather Update : दिल्ली पर मानसून मेहरबान, गर्मी से राहत