कहा, हमारा लक्ष्य दिल्ली को 2047 तक विश्वस्तरीय शहर बनाना
Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अपनी प्रतिबद्धता एक बार फिर से दोहराते हुए दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने की बात कही है। इसके साथ ही रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली का विकास इसलिए भी जरूरी है कि यह देश की राजधानी होने का गर्व रखती है। यहां पर देश के सभी राज्यों से लोग आकर बसे हुए हैं और दिल्ली उनको अपना घर लगती है।
सीएम रेखा गुप्ता नीति आयोग की बैठक में अपने विचार रख रहीं थी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली सरकार के प्रयासों में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने यमुना नदी की सफाई, ‘हर घर नल से जल’ योजना और बुनियादी ढांचे के विकास को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया। सीएम ने रोडमैप पर दिल्ली का एक विस्तृत विजन पेश किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भारत के सभी राज्यों के लोग रहते हैं, इसलिए सभी को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना उनका दायित्व है।
एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प जरूरी
उन्होंने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के तहत दिल्ली में हर राज्य के दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की पहल का उल्लेख किया। साथ ही, सीमावर्ती राज्यों हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के साथ मजबूत सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री रेखा ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को करारा जवाब देने पर पीएम का विशेष साधुवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, हमारा लक्ष्य 2047 तक दिल्ली को दुनिया के सबसे खूबसूरत और रहने योग्य शहरों में शामिल करना है। इसके लिए पौष्टिक भोजन, स्वच्छ जल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, कौशल विकास, रोजगार सृजन और उच्च तकनीकी अनुसंधान को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, दिल्ली को कचरा मुक्त एक वैश्विक सांस्कृतिक केंद्र बनाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निजी स्कूलों की फीस में पारदर्शिता और नियंत्रण सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही, पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री द्वारा पाकिस्तान को दिए गए करारे जवाब की सराहना की।