India-EU Trade Deal : भारत और यूरोपीय संघ के बीच निर्णायक वार्ता आज

0
81
India-EU Trade Deal : भारत और यूरोपीय संघ के बीच निर्णायक वार्ता आज
India-EU Trade Deal : भारत और यूरोपीय संघ के बीच निर्णायक वार्ता आज

उद्योग मंत्री पीयूष गोयल करेंगे वार्ता की अध्यक्षता

India-EU Trade Deal (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार वार्ता तेजी से निर्णायक दौर की तरफ बढ़ रही है। यह उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों के बीच मुक्त व्यापार समझौता जल्द ही निर्णायक रूप धारण कर लेगा। ज्ञात रहे कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक और द्विपक्षीय रिश्ते काफी ज्यादा मजबूत हैं और वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और ईयू के बीच द्विपक्षीय वस्तु व्यापार 136.53 अरब डॉलर का रहा, जिसमें 75.85 अरब डॉलर का निर्यात और 60.68 अरब डॉलर का आयात शामिल था।

यूरोपीय बाजार भारत के कुल निर्यात का 17 फीसदी हिस्सा है, जबकि भारत को ईयू के कुल निर्यात का नौ फीसदी मिलता है। अब यह उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों के बीच होने वाले इस मुक्त व्यापार समझौते के बाद यह रिश्ते और भी ज्यादा मजबूत हो जाएंगे।

ब्रसेल्स में पीयूष गोयल रहेंगे मौजूद

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 27 से 28 अक्तूबर तक ब्रसेल्स में रहेंगे। यहां वह भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उच्च-स्तरीय बैठकें करेंगे। यह जानकारी रविवार को भारतीय वाणिज्य मंत्रालय ने दी। इस समझौते के लिए बातचीत की अंतिम समय सीमा नजदीक आ रही है और गोयल का यह दौरा समझौते में राजनीतिक ऊर्जा और रफ्तार लाने की कोशिश है। मंत्रालय के मुताबिक, गोयल अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान यूरोपीय आयोग के कार्यकारी उपाध्यक्ष और व्यापार आयुक्त मारोस सेफ्कोविक से मुलाकात करेंगे और उनकी यह मुलाकात समझौता वार्ता के अंतिम चरण की दिशा और रणनीति तय करने में अहम होगी।

बातचीत है निर्णायक मोड़ पर

ज्ञात रहे कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच यह वार्ता 2013 से रुकी हुई थी। तब दोनों पक्ष बाजार खोलने के स्तर पर रजामंद नहीं हो पाए थे। जून 2022 में वार्ता फिर शुरू हुई। इसमें तीन प्रमुख समझौते व्यापक एफटीए, निवेश संरक्षण समझौता और भौगोलिक संकेतक पर समझौता शामिल हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत-ईयू एफटीए वार्ताओं के महत्वपूर्ण चरण में हो रही है, जहां दोनों पक्ष एक संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते तक पहुंचने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि गोयल का दौरा इन चचार्ओं को रणनीतिक दिशा और राजनीतिक बल देगा।

ये भी पढ़ें : US-India Trade War : हम भारत की कीमत पर पाकिस्तान से रिश्ते नहीं बना सकते : रुबियो