मुसलाधार बारिश से मुंबई हाल-बेहाल, दुकानों, सड़कों और घरों में भरा पानी
Maharashtra heavy rain (आज समाज), मुंबई : अगस्त के तीसरे सप्ताह में भी मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। यह लगभग देश के सभी हिस्सों को तर कर रहा है। एक तरफ जहां उत्तर भारत के अधिकांश राज्य बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित महाराष्टÑ के कई जिले भी मानसून की बारिश से हाल बेहाल हैं। यहां सोमवार को शुरू हुआ मुसलाधार बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान मुंबई की सड़कों पर कई फीट पानी भर गया और लोग बारिश के पानी से पार पाने के लिए जद्दोजहद करते हुए दिखाई दिए।
अभी भी बारिश का रेड अलर्ट
बारिश के चलते महाराष्टÑ के अलग-अलग हिस्सों में बीते दो दिन में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 8 नांदेड़ से थे। अगले 48 घंटे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी तरफ प्रदेश सरकार की तरफ से कहा गया है कि मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी बचाव एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। जान-माल और फसलों के नुकसान के लिए तत्काल मदद देने के आदेश हैं। नागरिकों को हर तीन घंटे में मौसम का अपडेट दिया जा रहा है।
बारिश में फंसी मोनोरेल, 500 यात्री थे सवार
मुंबई में मैसूर कॉलोनी रेलवे स्टेशन के पास एक मोनोरेल ट्रेन फंस गई। ट्रेन में 500 से ज्यादा यात्री मौजूद थे। एसी बंद होने की वजह से लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई। इस दौरान कई यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ती हुई दिखाई दी। रेल प्रशासन ने बिना देरी किए क्रेन की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला। इतना ही नहीं बारिश के चलते सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें (7 जोड़ी) कैंसिल कर दी हैं। 250 से ज्यादा फ्लाइट देरी से उड़ रही हैं। लोकल ट्रेन सर्विस भी प्रभावित है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : भारत और चीन के बीच भरोसेमंद और रचनात्मक रिश्ते जरूरी : पीएम