Karnal News: करनाल में शादी वाले घर में डकैती करने वाले बदमाश गिरफ्तार

0
133
Karnal News: करनाल में शादी वाले घर में डकैती करने वाले बदमाश गिरफ्तार
Karnal News: करनाल में शादी वाले घर में डकैती करने वाले बदमाश गिरफ्तार

ठेकेदार के परिवार को बनाया था बंधक, गनपॉइंट पर महिलाओं के उतरवाए थे गहने, दुल्हे को मारी थी गोली
Karnal News (आज समाज), करनाल: हरियाणा के करनाल में लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर डेराबस्सी से पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए जिला पुलिस ने पड़ोसी जिला पुलिस को भी अलर्ट मोड़ पर कर दिया था। इससे पहले बदमाशों ने ठेकेदार के घर को निशाना बनाते हुए लूटपाट की। ठेकेदार के बेटे की 5 दिसंबर को शादी होनी है। घर पर शादी की तैयारियां चल रही थी।

घटना सुभाष कॉलोनी की है, जोकि एसपी कैंप आॅफिस से महज 100-150 मीटर की दूरी पर है। बदमाशों ने गनपॉइंट पर महिलाओं के गहने उतरवाए और दुल्हे को भी गोली मार दी। बदमाशों ने 45 मिनट तक परिवार को बंधक बनाए रखा। घर में रखा कैश और शादी के लिए तैयार की गई ज्वेलरी लूट ली। बदमाश वारदात के बाद घर में लगी सीसीटीवी डीवीआर और वरना कार भी साथ ले गए। आरोपियों ने जाते समय 5 राउंड फायर भी किए थे।

सुबह 8 बजे घर में घुस 5 बदमाश

घटना के बाद मौके पर पहुंचे दूल्हे आदित्य के दोस्त धीरज ने बताया कि घर में 4 दिसंबर को शादी है। इसलिए रविवार को विशेष पाठ रखा गया था। सोमवार सुबह 8 बजे आदित्य की मां मीनाक्षी और बुआ संगीता रसोई में काम कर रही थीं। ठेकेदार मनोज और उसका बेटा आदित्य बाहर सोफे पर बैठे थे। वहीं आदित्य का भाई सैर करने गया हुआ था। आदित्य की जिस लड़की से शादी होनी है वह कनाडा में पीआर पर है।

शादी के लिए अलमारी में रखी ज्वेलरी और कैश भी ले गए बदमाश

धीरज ने बताया कि आते ही सभी बदमाशों ने बंदूक निकाल ली और सभी के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए ताकि कोई मदद के लिए किसी को फोन न कर सके। इसके बाद सभी को धमकाया और कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने महिलाओं से कंगन, हार और झुमके उतरवाए। फिर शादी के लिए अलमारी में रखी ज्वेलरी और कैश उठा लिया।

10 दिन पहले आॅस्ट्रेलिया से आया दुल्हा, विरोध करने पर मारी गोली

दूल्हा आदित्य 10 दिन पहले ही आॅस्ट्रेलिया से शादी के लिए आया था। जब उसने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की तो एक ने उसके कंधे पर गोली मार दी। धीरज ने बताया कि गोली लगते ही आदित्य जमीन पर गिर गया। इस दौरान बुआ संगीता रोने लगी तो बदमाशों ने उसके सिर पर बट मार दिया। फिलहाल उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आदित्य के पिता मनोज कंस्ट्रक्शन का ठेका लेते हैं।

जाते समय बदमाशों ने की फायरिंग

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। जाते समय उन्होंने 5 राउंड फायर भी किए। फायरिंग की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग बाहर निकले और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी के साथ सीआईए, सिविल लाइन थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सूत्रों की मुताबिक बदमाश बंसत बिहार के पास वरना गाड़ी को छोड़कर फरार हो गए, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

सीआईए व सिविल लाइन थाना टीम जांच में जुटी

एसपी ने बताया कि सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचे और परिवार से बातचीत की। परिवार से जो जानकारी मिली है उसी के आधार पर सीआईए की टीम व सिविल लाइन थाना टीम जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि जिस युवक को गोली मारी है, उसकी उसकी हालत अभी ठीक है। वह अभी अस्पताल में भर्ती है।

ये भी पढ़ें: झज्जर में चरखी दादरी के युवक की हत्या, खून से लथपथ मिला शव