नई दिल्ली. पंजाब के गुरदासपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. जिस पुलिस पर आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है वो भी आज की दुनिया में सेफ नहीं. गुरदासपुर के हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है.
पंजाब के गुरदासपुर के हेड कांस्टेबल का शव मान कौर बाईपास के पास सड़क किनारे मिला. परिवार ने आशंका जताई है कि अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या की है. परिजनों ने लूटपाट की आशंका भी जताई है. जानकारी के मुताबिक, 15 नवंबर यानी रविवार रात विनोद कुमार ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहे थे. रात करीब 9 बजकर 15 मिनट पर उन्होंने अपने भाई को फोन किया था. विनोद ने बताया कि वह मान कौर बाईपास के पास पहुंच गए हैं और भाई से उन्हें वहां लेने आने को कहा.
भाई पहुंचा तो मौके पर नहीं मिले विनोद
विनोद का भाई जब उन्हें लेने बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वह वहां नहीं मिले. इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी. करीब एक घंटे तक खोजबीन करने के बाद उनका शव सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला. परिवार का आरोप है कि विनोद कुमार को गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया है. परिजनों ने लूटपाट की आशंका भी जताई है. उनका कहना है कि शव के पास विनोद का सामान भी नहीं मिला.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. शव को गुरदासपुर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य के मुताबिक, परिवार ने विनोद को गोली लगने की आशंका जताई है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.


