Punjab News: पठानकोट में गन पॉइंट पर लूटी XUV कार, आतंकी हमले की आशंका, पंजाब से कश्मीर तक हाई अलर्ट

0
17

Punjab News: पंजाब में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर रविवार रात दो अज्ञात हथियारबंद लोगों ने बंदूक की नोंक पर एक व्यक्ति से उसकी महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार लूट ली। यह घटना डाउनटाउन रेस्टोरेंट के पास हुई, जिसके बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर की पुलिस व खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

सभी मार्गों पर सघन चेकिंग

सुरक्षा के नजरिए से संवेदनशील पठानकोट में हुई इस वारदात के मद्देनजर, पुलिस ने पठानकोट, गुरदासपुर से लेकर कठुआ, सांबा और जम्मू तक सभी प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी और सघन चेकिंग के निर्देश जारी किए हैं।

विशेष सतर्कता के आदेश

पुलिस के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने पठानकोट से कठुआ की ओर जाते समय एक व्यक्ति को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार छीन ली। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के विभिन्न नाकों, पीसीआर टीमों और हाईवे पेट्रोलिंग कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पंजाब से जम्मू तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

आतंकी साजिश की आशंका

सुरक्षा एजेंसियां इस पहलू से भी जांच कर रही हैं कि कहीं आरोपियों का किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी साजिश से संबंध तो नहीं है। पठानकोट जिला सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और यहां कई महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठान स्थित हैं। ऐसे में, बंदूक की नोक पर वाहन छीनने की घटना को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।

पुलिस को मिले अहम सुराग

जिले के एसएसपी मनप्रीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डाउनटाउन इलाके से बंदूक की नोक पर सफेद रंग की कार छीनी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, छीनी गई कार कठुआ की ओर नहीं गई, बल्कि उसे गुरदासपुर की ओर जाते हुए देखा गया है। पुलिस को मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]