Manipur Updates, (आज समाज), इंफाल: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में कुछ टाइम की शांति के बाद फिर हिंसा भड़क उठी है और फायरिंग की दो अलग-अलग वारदातों में 3 लोगों की जान चली गई है। सूत्रों के अनुसार उखरूल जिले में ताजा वारदात हुई है। यहां कुकी और नगा समुदाय के बीच शुक्रवार को हिंसा हुई। गौरतलब है कि राज्य में पहले ही कुकी समुदायोंं और मैतेई के बीच जातीय संघर्ष चल रहा है।
घरों में आग लगाने की भी सूचना
पुलिस सूत्रों के अनुसार एक गांव में घरों में आग लगा दिए जाने की भी सूचना है। सूत्रों ने बताया है कि कुकी और तांगखुल नागा जनजातियों के बीच हिंसा की ताजा वारदात हुई है। दोनों जनजातियों के नागरिक समाज संगठनों ने अपने बयानों में एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को मौके से 2 शव मिले हैं। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने छलावरण वाले कपड़े पहने हुए थे।
कुकी गांवों पर किया गया हमला
सूत्रों ने बताया कि कुकी नागरिक समाज संगठनों ने अपने बयानों में आरोप लगाया कि संदिग्ध नागा विद्रोहियों ने आज भोर से पहले उखरुल के मुल्लम और शोंगफाल स्थित कुकी गांवों पर हमला कर दिया। कुकी संगठनों ने बताया कि मारे गए दोनों लोग गांव के स्वयंसेवक थे और इस हमले में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए।
गांव वाले जब सो रहे थ तब अटैक हुआ
कुकी ऑर्गनाइज़ेशन फॉर ह्यूमन राइट्स ट्रस्ट (KOHUR) ने अपने बयान में बताया कि यह हमला अलसुबह उस समय हुआ जब गांव वाले सो रहे थे। केओएचयूआर ने कहा कि हमलावरों ने कथित तौर पर गोलीबारी की और कई घरों में आग लगा दी। बता दें कि केओएचयूआर ही पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के ख़िलाफ़ ‘टेप केस’ की पैरवी कर रहा है।
नागा जनजाति के संगठनों ने ख़ारिज किए आरोप
नागा जनजाति के संगठनों ने इन आरोपों को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए सिरे से ख़ारिज कर दिया है। ये आरोप ऐसे समय में सामने आए हैं, जब एक दिन पहले ही उखरुल और अन्य जगहों पर उनकी जनजाति के दो लोगों के लिए न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण कैंडललाइट मार्च निकाले गए थे। इन दोनों लोगों की पिछले हफ़्ते एक राजमार्ग पर घात लगाकर किए गए हमले में हत्या कर दी गई थी।
मृतकों में एल सितलहौ और पी हाओलाई
सूत्रों ने बताया कि मुल्लम गांव के पास एक घटना में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजकर 25 बजकर मिनट 2 शव दो शव बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान एल सितलहौ और पी हाओलाई के रूप में हुई है। वे छलावरण वाली पोशाक पहने थे और उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे।
तांगखुल नागा लोंग (टीएनएल) की कार्यकारी समिति ने एक बयान में कहा कि उखरुल ज़िले के सिनाकेइथेई के पास आज सुबह 29 वर्षीय एक गांव के स्वयंसेवक, होर्शोकमी जमांग की हत्या कर दी गई। समिति ने आरोप लगाया कि जब स्वयंसेवक इलाके में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जांच के लिए गश्त पर था, तो उस पर कुकी विद्रोहियों ने घात लगाकर हमला किया। ये विद्रोही ‘सस्पेंशन ऑफ़ ऑपरेशंस’ (एसओओ) समझौते के तहत हैं और उनके साथ अन्य विद्रोही भी शामिल थे।
ये भी पढ़ें : Manipur Breaking: मणिपुर के उखरुल में फिर भड़की हिंसा, आगजनी, इंटरनेट बंद


