Delhi Breaking: दिल्ली में आईएसआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 9 एजेंट गिरफ्तार

0
108
Delhi Breaking
Delhi Breaking: दिल्ली में आईएसआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 9 एजेंट गिरफ्तार

Delhi Breaking, (आज समाज), नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के मॉड्यूल का पर्दाफाश कर बड़े आतंकी हमले की साजिश को विफल कर दिया है। स्पेशल सेल ने आईएसआई के 9 एजेंट गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से भी जुड़े होने की सूचना है।

हथियारों समेत विस्फोटक सामग्री बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से हैंड ग्रेनेड और अन्य हथियारों समेत विस्फोटक सामग्री बरामद की है। जांच एजेंसियों का कहना है कि अरसे से यह नेटवर्क तैयार किया जा रहा था और इस मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों के अलावा मंत्रालयों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाना था। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के पाकिस्तान समर्थित हैंडलर्स व मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने का पता चला है।

कुछ आरोपी नेपाल मूल के भी

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुछ आरोपी नेपाल मूल के भी हैं। एजेंसियों के अनुसार खास तौर पर इन लोगों को हमलों के लिए तैयार किया जा रहा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नेटवर्क को कौन चला रहा था और भारत में इसके स्थानीय स्तर पर कौन सहयोगी हैं। दिल्ली पुलिस इस मॉड्यूल के फंडिंग के स्रोतों व लॉजिस्टिक सपोर्ट सिस्टम के अलावा भर्ती प्रक्रिया की गहन से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी विदेशी हैंडलर्स के साथ ही उन स्थानीय मददगारों की भूमिका का भी पता लगा रहे जो कथित तौर पर इस साजिश में संलिप्त थे।

पिछले साल लाल किले के पास किया था धमाका

गौरतलब है कि पिछले साल आतंकियों ने ऐतिहासिक लाल किले के समीप कार में धमाका किया था, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। वारदात 10 नवंबर 2025 की है और इसके पीछे भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा (एक्यूआईएस) से जुड़े मॉड्यूल का हाथ था।

ये भी पढ़ें : NIA Raids in Four State : एनआईए की चार राज्यों में छापेमारी