Samastipur News: हैवान बनी मां! छठ का प्रसाद खाने पर 4 साल की बेटी को बेरहमी से पीटा, मासूम की मौत

0
73

समस्तीपुर. छठ आस्था के महापर्व पर एक तरफ जहां सभी इसे खुशी खुशी मना रहे थे. वहीं बिहार के एक परिवार में मातम पसरा था. समस्तीपुर से एक दुखद घटना सामने आई है. एक मां पर अपनी ही चार साल की बेटी इस कदर पिटाई की जिसने उसकी जान ले ली. जानकारी के मुताबिक बच्ची ने छठ पूजा के लिए बनाए जा रहे प्रसाद में से कुछ खा लिया था. इस बात पर नाराज मां ने बच्ची की पिटाई कर दी. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

बिहार के समस्तीपुर से ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई.यहां एक मासूम बच्ची की हत्या का आरोप उसकी ही मां पर है. मृत बच्ची की पहचान सुहानी कुमारी के रूप में हुई है. वह राजू पासवान की चार साल की बेटी थी. आरोपी मां का नाम रीना कुमारी है. बच्ची के पिता के मुताबिक, परिवार में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं. घर के अन्य सदस्य पास के घाट पर व्यवस्था करने गए थे.

रीना कुमारी घर पर पूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रही थी. इसी दौरान सुहानी ने प्रसाद के लिए रखी एक खाद्य सामग्री को छू लिया और उसमें से कुछ खा लिया. आरोप है कि इससे नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी. इसके बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी. बाद में रीना बच्ची को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम ले गई. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बेटी की मौत से परिवार में मातम

पुलिस को दिए बयान में पिता राजू पासवान ने कहा कि बेटी की मौत से उनका परिवार पूरी तरह टूट गया है. उन्होंने कहा कि अब बेटी के बिना उनके लिए छठ पर्व का कोई मतलब नहीं रह गया है.राजू ने अपनी पत्नी के लिए सख्त सजा की मांग की है. उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपनी पत्नी की जरूरत नहीं है और वह अपने बच्चों की परवरिश खुद करेंगे. राजू पासवान और रीना कुमारी के तीन बच्चे हैं. इनमें सात साल की शिवानी कुमारी, चार साल की सुहानी कुमारी और डेढ़ साल का राजा कुमार शामिल हैं. सुहानी की मौत से परिवार में शोक का माहौल है.

आरोपी मां गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को चार साल की बच्ची की मौत की सूचना मिली थी. मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद बच्ची की मौत की परिस्थितियां और स्पष्ट हो सकेंगी.

  • TAGS
  • [post_tags]