Weather Update Today : उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रही ठंड

0
44
Weather Update Today : उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रही ठंड
Weather Update Today : उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रही ठंड

पहाड़ी राज्यों में जमने लगे झीलें, झरने, मैदानों में भी कोहरा देने लगा दस्तक

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : नवंबर का अंतिम सप्ताह शुरू होते ही उत्तर भारत में ठंड तेजी से बढ़ने लगी है। एक तरफ जहां पहाड़ी राज्यों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है। झीलें-झरने जमने लगे हैं। वहीं मैदानों में भी तापमान में कमी से कोहरा जमने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान तेजी से गिरेगा और सर्दी का असर बढ़ेगा। यदि बात पहाड़ी राज्यों की जाए तो जम्मू-कश्मीर लेकर अरुणाचल प्रदेश तक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के चलते तापमान शून्य से नीच बना हुआ है।

इसी के चलते पानी जम चुका है। इसका असर मैदानों में भी दिखाई दे रहा है और हरियाणा, पंजाब, यूपी सहित अन्य राज्यों में सुबह व शाम के समय हल्का कोहरा दिखाई देने लगा है। पंजाब और हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना है और कुछ जगहों पर पांच डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया है। उत्तरी बंगाल और झारखंड में सर्दी अपना रंग दिखाने लगी है।

श्रीनगर व तांबों में शून्य से नीचे तापमान

श्रीनगर में शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पारा दर्ज किया गया। इससे पहले की रात न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रहा था। दक्षिण कश्मीर में शोपियां शहर घाटी में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7 पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी 27 नवंबर तक मैदानी जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।

शिमला में भी पारा 6.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। प्रदेश में आने वाले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी पूवार्नुमान के अनुसार प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।

अरुणाचल प्रदेश में बर्फबारी में फंसे पर्यटक

अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में भारी बर्फबारी के बाद बुजुर्ग पर्यटकों का एक समूह फंस गया। बर्फबारी से पर्यटकों का वाहन रास्ते में फंस गया था। सैलानियों कड़ी मशक्कत के बाद पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया। पूर्वोत्तर राज्य के तवांग, पश्चिम कामेंग, शि-योमी और ऊपरी सुबनसिरी के कुछ हिस्सों में इस मौसम की पहली बार ताजी बर्फबारी हुई।

पंजाब में फरीदकोट, हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा

पंजाब में फरीदकोट मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, सोमवार को तापमान 4.4 डिग्री था। हरियाणा में 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ हिसार सबसे ठंडा रहा। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, गुरदासपुर में 7 डिग्री, अमृतसर में 7.8 डिग्री, लुधियाना में 7.4 डिग्री और फिरोजपुर में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें : Lakshmi Mittal to leave Britain : ब्रिटेन छोड़कर दुबई बसेंगे लक्ष्मी मित्तल