- पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार कर रही नायब सरकार: गंगवा
- भिवानी में 13 जुलाई को होगा राज्य स्तरीय गुरु दक्ष जयंती समारोह
(Charkhi Dadri News) चरखी दादरी। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में समाज के हर वर्ग के लोगों को उनका हक दिलाने का काम किया है। सरकार का वंचित एवं कमजोर वर्ग पर विशेष फोकस है। रणबीर गंगवा विश्राम गृह में 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित होने वाली गुरु दक्ष जयंती समारोह को लेकर मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।
रणबीर गंगवा ने कहा कि पिछली सरकारों के समय अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग की आरक्षित सीटों को यह कह कर खाली छोड़ दिया जाता था कि इन पदों के लिए कोई योग्य उम्मीदवार नहीं मिला है।
लेकिन बाद में इन पदों पर बैकडोर से भर्ती कर दी जाती थी। परिणाम स्वरूप बैकलोग बढ़ता चला गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ में न केवल अन्याय हुआ, बल्कि अनेक कांड भी हुए जिसके कारण लोगों को गांव से पलायन तक करना पड़ा। लेकिन भाजपा की सरकार ने समाज के कमजोर व वंचित वर्ग के लोगों का पुनर्वास करवाने का काम किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करने का काम कर रही है
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि आरक्षित पदों पर केवल आरक्षित वर्ग के नौजवानों की ही भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि भर्तियों में बीसी-ए को 16 प्रतिशत तथा बीसी-बी को 11 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज का वंचित वर्ग बेहद मेहनती है।
लेकिन पिछली सरकारों के दौरान सिफारिशों के चलते योग्य नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिना पर्ची व बिना खर्ची के मेरिट के आधार पर नौकरियां देने की व्यवस्था की। मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस व्यवस्था को मजबूती के साथ बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करने का काम कर रही है। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को उसके अधिकार व हक दिलाये जा रहे हैं।
कार्यक्रम में 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार की संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार- प्रसार योजना के तहत 13 जुलाई को भिवानी में राज्य स्तरीय गुरु दक्ष जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री व विधायकों तथा गणमान्य लोगों सहित हजारों की संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा संत कबीर जयंती, भगवान परशुराम जयंती, कश्यप जयंती, भगत धन्ना सेठ जयंती, वाल्मीकि जयंती व रविदास जयंती आदि मनाई जा चुकी है और यह सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को जाति के बंधन में बांधकर नहीं देखा जा सकता। क्योंकि उनके विचार समूचे समाज के लिए लाभकारी होते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु दक्ष जयंती समारोह को लेकर समाज के लोगों में पूरा जोश व उत्साह है। कार्यक्रम में 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने समाज के लोगों के साथ बैठक की। लोगों को 13 जुलाई की गुरु दक्ष जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं जैसे परिवहन, भोजन व ठहराव आदि की रूपरेखा के बारे में विचार विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के लोग सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ले ताकि कोई भी असुविधा न हो और समारोह की गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से संगठन की ताकत व एकजुटता का एहसास भी होता है।
कार्यक्रम में मामन चेयरमैन, सतबीर वर्मा पूर्व चैयरमेन, धर्मेन्द्र सावला, राजबीर प्रजापत प्रधान, विनोद सियार रूष्ट, महीपत प्रजापत, नवीन प्रजापत रूष्ट, अतर सिंह सरपंच, संजय प्रधान, विनोद मोडी, रमेश टोंक, प्रहलाद प्रजापत, सतीश कुमार रामबात, रमेश प्रजापत, अशोक, रचना गुप्ता, प्रियंका प्रजापति, सतीश बनाज, डा सजीव मडिया, चंदपुरी पुवा कलब, विजय अग्रवाल, रितु गोयल, लाडो देवी आदि उपस्थित रहे।