- अभियान को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर करने होंगे कार्य
- जल शक्ति मंत्रालय की टीम करेगी दादरी जिला का दौरा
(Charkhi Dadri News) चरखी दादरी। जल शक्ति अभियान के केंद्रीय नोडल अधिकारी आईएएस सौरभ सिंह की अध्यक्षता मे मंगलवार को स्थानीय विश्रामग्रह मेंअधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान सौरभ सिंह ने जिला में चल रहे जल शक्ति अभियान 2025 के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए।इस मौके पर सौरभ सिंह ने कहा कि जल संरक्षण को लेकर वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की मरम्मत, जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण, पौधरोपण व जन जागरूकता जैसे कार्यों को प्राथमिकता से लागू किया जाए। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण भी जल संरक्षण का अभिन्न हिस्सा है। जल संरक्षण केवल सरकारी प्रयास नहीं बल्कि जन सहभागिता का अभियान है, इसके लिए जन जागरूकता अभियान चलाएं जाएं।
इस मौके पर उन्होंने बरसाती सीजन से पहले जल संरक्षण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण से जुड़ी हर गतिविधि की साप्ताहिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए और फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण भी किया जाए। साथ ही जमीनी स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और प्रभाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पंचायत विभाग को प्राचीन जल संरक्षण स्रोत जैसे बावड़ी आदि को पूर्व रूप देने का कार्य करने को कहा।उन्होंने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दो दिनों तक केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की टीम चरखी दादरी जिला का दौरा करके जल शक्ति अभियान 2025 के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा भी करेगी। इस मौके पर जल शक्ति अभियान के केंद्रीय तकनीकी नोडल अधिकारी विमलेश कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Charkhi Dadri News : धानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का लाभ उठाएं उद्यमी: उपायुक्त