मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का येलो अलर्ट, गर्मी से दिल्ली वासियों को मिलेगी राहत
Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले कई दिन से भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्ली के लोगों के लिए मई का अंतिम सप्ताह शायद कुछ राहत भरा रह सकता है। ऐसी संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई जा रही है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार आज और कल दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यदि मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित होती है तो शुक्रवार व शनिवार को दिल्ली में गर्मी से राहत मिलने की पूरी संभावना है।
चल सकती हैं तेज हवाएं
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अलर्ट के अनुसार इस दौरान दिल्ली में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं लेकिन यह हवाएं उतनी तेज नहीं होंगी जितना दो दिन पहले आंधी आई थी। ज्ञात रहे कि बुधवार शाम को आई आंधी ने दिल्ली एनसीआर में कहर बरपाते हुए जानी और माली नुकसान पहुंचाया था। इसके लिए 25 से 28 मई तक बारिश की संभावना जताई है।
गुरुवार को भी आई तापमान में कमी
गुरुवार को पूरा दिन बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। ऐसे में मौसम खुशनुमा रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 34.7 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल मई में एक भी दिन लू नहीं चली। हालांकि, बुधवार को हुई बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई है। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इससे पहले साल 2024 में छह दिन लू चली थी।
इस बार समय से पहले मानसून आने की उम्मीद
भारतीय मौसम विभाग ने इस बार समय से पहले मानसून के देश में दस्तक देने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अक्सर हर साल जहां एक जून को मानसून केरल के तट से टकराता है वहीं इस बार 27 मई को उसके केरल तट से टकराने की उम्मीद है। वहीं इस बार देश में मानसून के दौरान सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है।