Storms Kills Seven People In Siwan District, (आज समाज), पटना: बिहार के सीवान जिले में भारी बारिश के साथ आए जबरदस्त आंधी-तूफान ने तबाही मचा दी है। अलग-अलग हादसों में दो महिलाओं समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार सोवमार शाम लगभग 100 किमी प्रति घंटे की गति से तूफान आया और इस दौरान पेड़ और दीवारें गिर गर्इं जिसकी चपेट में आने से लोगों की जान गई।
पेड़ उखड़े, टिन की छतें उड़ीं और इमारतें ढह गईं
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अचानक आए तूफान के दौरान हवाएं इतनी तेज थीं कि कई लोग अचंभित रह गए। लकड़ी नबीगंज थाने के एसएचओ ने बताया कि तूफान के कारण दर्जनों पेड़ उखड़ गए, टिन की छतें उड़ गईं और इमारतें ढह गईं। इस अफरातफरी के बीच सात लोगों की पेड़ों या इमारतों के नीचे दबकर मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेजा गया है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश व तेज हवाओं का अलर्ट है। इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पूर्वी बिहार के तहत आने वाले अररिया, मुधेपुरा, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा और सुपौल में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तरी बिहार के अंतर्गत आने वाले दरभंगा, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में भी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव बनने व साइक्लोनिक सकुर्लेशन की वजह से पूर्वी बिहार में भारी बारिश का ज्यादा खतरा है। राजधानी पटना में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
10-15 जून के बीच मानसून आने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी और पूर्वी बिहार में भारी बारिश होने का अनुमान है। अधिकारियों के अनुसार राज्य में 10-15 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है। इस वर्ष प्रदेश में सामान्य से 11 प्रतिशत ज्यादा मानसूनी बारिश होने के आसार हैं। वर्तमान में प्रदेश में हो रही बारिश मानसून से पहले की गतिविधि है।
बारिश के बीच गर्मी भी बनी है आफत
बिहार में बारिश के बीच गर्मी भी आफत बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान लगाया है। इस दौरान उमस भी होगी और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं हवा में नमी 60-80 फीसदी तक हो सकती है। इससे तापमान 42 डिग्री से अधिक महसूस हो सकता है।
यह भी पढ़ें : Assam Flood: राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित