Bhiwani News : करतार सिंह सराभा की जयंती पर भाजपाइयों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

0
92
Bhiwani News : करतार सिंह सराभा की जयंती पर भाजपाइयों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
क्रांतिकारी करतार सिंह सराभा की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन करते हुए रीतिक वधवा।

(Bhiwani News) भिवानी। भारत के महान क्रांतिकारी करतार सिंह सराभा की जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रमुख रीतिक वधवा ने कहा कि मात्र 19 वर्ष की आयु में हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमने वाले करतार सिंह सराभा उन महान सेनानियों में से एक हैं, जिनके शौर्य, साहस, त्याग और बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता।

करतार सिंह सराभा वह क्रांतिकारी थे, जिन्हें शहीद-ए-आज़म भगत सिंह ने अपना गुरु माना : रीतिक वधवा

रीतिक वधवा ने कहा कि करतार सिंह सराभा वह क्रांतिकारी थे, जिन्हें शहीद-ए-आज़म भगत सिंह ने अपना गुरु माना और उनकी तस्वीर हमेशा अपने पास रखी। उनका जीवन आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढय़िों को स्वतंत्रता संग्राम की महानता का बोध कराता रहेगा।

उन्होंने बताया कि 24 मई 1896 को पंजाब के लुधियाना जिले के सराभा गांव में जन्मे करतार सिंह सराभा अमेरिका में गदर पार्टी के सक्रिय नेता और अध्यक्ष रहे। उनका उद्देश्य भारत को अंग्रेजी हुकूमत की जंजीरों से मुक्त कराना था।

अंग्रेजों की साजिशों और दमन के बावजूद उन्होंने क्रांति की ज्वाला को प्रज्वलित रखा, जिसके चलते उन्हें कई अन्य साथियों के साथ फांसी दे दी गई। कार्यक्रम में भाजपा नेता धर्मेंद्र अरोड़ा, सुनील चौहान, विजय अरोड़ा, पंकज शर्मा, संदीप कुमार और विनोद कुमार ने भी करतार सिंह सराभा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

यह भी पढ़े : Bhiwani News : आरडब्ल्यूए व रेल अंडरपास महापंचायत ने संयुक्त रूप से दिया धरना