Heavy Downpour In Bangluru, (आज समाज), बेंगलुरु: देश के आईटी हब और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में अचानक आई तेज बारिश ने कहर बरपाया है। संडे से शुरू हुई बारिश के कारण सोमवार को शहर के सैकड़ों घरों में पानी घुस गया। जलभराव के कारण सड़कें तालाब बन गईं। बर्षाजनित हादसों में शहर में 3 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक 9 साल का बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है शहर के 500 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है। लोगों को घुटनों तक पानी से होकर चलना पड़ रहा है और कई इलाकों में कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है।
24 घंटों में सिटी में 105.5 मिमी बारिश
आईएमडी के अनुसार सोमवार सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान बेंगलुरु शहर में 105.5 मिमी बारिश हुई। इस महीने में पिछली बार इतनी भारी बारिश 18 मई, 2022 को हुई थी। सोशल मीडिया पर भारी बारिश और सड़कों पर पानी भरने की तस्वीरें छाई रहीं। बीजेपी ने आरोप लगाया कि शहर के बुनियादी ढांचे पर पिछले दो वर्षों में कांग्रेस सरकार द्वारा खर्च किए गए करोड़ों रुपए का कोई नतीजा नहीं निकला है।
इन इलाकों के लिए आरेंज, येलो व रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज बेंगलुरु के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बागलकोट, बेलगावी, धारवाड़, गडग और कोप्पल समेत कई जगहों पर येलो अलर्ट जारी है। तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
साई लेआउट से करीब 150 लोगों को बचाया गया
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण बेंगलुरु के साई लेआउट से करीब 150 लोगों को बचाया गया और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। घरों के ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह से जलमग्न हो गए और बेंगलुरु नगर निगम ने वहां लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की।
ये भी पढ़ें: Weather: बेंगलुरु में भारी बारिश, घरों में घुसा पानी, उत्तर भारत में आफत की हीटवेव