
Salman Khurshid On Article 370, (आज समाज), नई दिल्ली: कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को निरस्त करने के फैसले के लिए केंद्र सरकार की तारीफ की है। उन्होंने कहा, जेंएंडके में 370 हटने के बाद ही निर्वाचित सरकार बनी है। चुनावों में भी 65 प्रतिशत वोटरों की भागीदारी हुई है। इस तरह जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद बड़ी समस्या का समाधान हुआ है। इंडोनेशिया में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता ने 370 हटाने को लेकर केंद्र को सराहा।
इंडोनेशिया पहुंचा था एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
बता दें कि जेडीयू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल इंडोनेशिया पहुंचा था और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद उसी का हिस्सा हैं। इंडोनेशिया के अलावा यह प्रतिनिधिमंडल जापान, मलेशिया, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया का दौरा कर रहा है। भारत सरकार के निर्देश पर सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भारतीय सशस्त्र बलों के आॅपरेशन सिंदूर और क्षेत्रीय सुरक्षा गतिशीलता पर भारत की स्थिति के बारे में जानकारी देने के मकसद से विभिन्न देशों का दौरा कर रहे हैं।
लोगों में धारणा बनी हुई थी कि कश्मीर भारत से अलग है
सलमान खुर्शीद ने इंडोनेशिया के थिंक टैंक और शिक्षाविदों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान के आर्टिकल 370 के तहत जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा मिला हुआ था और लोगों में यह धारणा बनी हुई थी कि कश्मीर भारत से अलग है। केंद्र की मोदी सरकार के 370 को जेएंडके से हटाने के बाद यह धारणा खत्म हो गई है।
370 कश्मीर में अरसे से थी बड़ी समस्या
कांग्रेस नेता ने कहा कि आर्टिकल-370 कश्मीर में अरसे से एक बड़ी समस्या थी। इसके निरस्त होने से वहां सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से जम्मू-कश्मीर में चुनाव हुए और मतदान में 65 फीसदी लोगों ने हिस्सा लिया। इसी का परिणाम है कि आज कश्मीर में निर्वाचित सरकार है।
यह भी पढ़ें : Article 370: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में आज फिर धक्का मुक्की और हाथापाई